विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अयोध्या में 14 दिसंबर को राममंदिर ध्वजारोहण की पहली वर्षगांठ, तैयारियों पर 2 दिसंबर को ट्रस्ट की बैठक

Published: Tue, 17 Nov 2026 07:11 PM (GMT+05:30)

श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट राम मंदिर के स्वर्ण शिखर पर ध्वजारोहण की पहली वर्षगांठ 14 दिसंबर को मनाएगा, जो विवाह ...और पढ़ें

राम मंदिर का स्वर्ण शिखर। तस्वीर- जागरण

राम मंदिर का स्वर्ण शिखर। तस्वीर- जागरण 

HighLights

  1. राम मंदिर ध्वजारोहण की पहली वर्षगांठ 14 दिसंबर को।

  2. विवाह पंचमी तिथि के अनुसार मनाया जाएगा यह आयोजन।

  3. 2 दिसंबर को ट्रस्ट बैठक में तय होगी विस्तृत रूपरेखा।

लवलेश कुमार मिश्र, अयोध्या। राम मंदिर के स्वर्ण शिखर पर ध्वजारोहण को तारीख के अनुसार 25 नवंबर काे एक वर्ष बीत जाएंगे, लेकिन श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट इसकी प्रथम वर्षगांठ अगले माह 14 दिसंबर को मनाएगा। कारण यह कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत की उपस्थिति में पिछले वर्ष जब ध्वजारोहण किया था, तो वह तिथि विवाह पंचमी (मार्गशीष शुक्ल पंचमी) की रही।

इस वर्ष यह तिथि 14 दिसंबर को पड़ रही है। ट्रस्ट की ओर से सभी आयोजन तिथि के अनुसार ही संपन्न किए जाते हैं, इसलिए ध्वजारोहण की प्रथम वर्षगांठ भी उसी तिथि पर मनाई जाएगी। इस आयोजन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ या अन्य कोई अतिथि आ सकते हैं, इसकी विस्तृत रूपरेखा दो दिसंबर को होने वाली ट्रस्ट की बैठक में तैयार की जाएगी।

राम मंदिर सहित रामजन्मभूमि परिसर के सभी मंदिरों का निर्माण कार्य पूर्ण हो जाने के पश्चात श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने ध्वजारोहण शुरू कराया था। सनातन धर्म में किसी मंदिर पर पताका फहराने के पश्चात ही उसे परिपूर्ण माना जाता है। ट्रस्ट ने इस परिपूर्णता की शुरुआत राम मंदिर से की थी और ध्वजारोहण की तिथि विवाह पंचमी की चुनी थी। इस दिन प्रधानमंत्री ने अभिजित मुहूर्त में धर्म ध्वजा का आरोहण किया।

इसके पश्चात गत वर्ष ही 31 दिसंबर को राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की द्वितीय प्रतिष्ठा द्वादशी में सम्मिलित होने पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मां अन्नपूर्णा मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण किया था, फिर अलग-अलग तारीखाें पर ट्रस्ट ने सभी पूरक मंदिरों पर ध्वजारोहण कराया। अब ट्रस्ट राम मंदिर के ध्वजारोहण की प्रथम वर्षगांठ को 14 दिसंबर को मनाने की तैयारी कर रहा है। ट्रस्ट ने राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की प्रथम वर्षगांठ भी गत वर्ष 11 जनवरी को तब मनाई थी, जब पौष शुक्ल द्वादशी तिथि रही। इसी तिथि पर 22 जनवरी 2024 को प्राण प्रतिष्ठा भी हुई थी। ट्रस्ट के एक सदस्य ने बताया कि दो दिसंबर को प्रस्तावित बैठक में ध्वजारोहण की प्रथम वर्षगांठ के भव्य आयोजन की रूपरेखा तय की जाएगी।

अगले वर्ष 19 जनवरी को मनेगी प्राण प्रतिष्ठा की तीसरी वर्षगांठ

राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की तीसरी वर्षगांठ तिथि के अनुसार अगले साल 19 जनवरी को मनाई जाएगी। अधिकमास होने के कारण वर्ष 2026 में पौष शुक्ल द्वादशी तिथि नहीं पड़ रही है। इस वजह से इसे अगले वर्ष ही मनाया जाएगा। इसी कारण ट्रस्ट ने प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ को 2025 में 31 दिसंबर को ही मना लिया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।