विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अयोध्या में घटे वोटरों की भरपाई के लिए BJP ने बनाई नई रणनीति, पदाधिकारियों को रोजाना एक मतदाता जोड़ने का लक्ष्य

Published: Fri, 20 Nov 2026 02:59 PM (IST)

अयोध्या में मतदाताओं की संख्या घटने के बाद भाजपा ने मतदाता सूची में नए नाम जुड़वाने के लिए संगठन की पूरी ताकत झोंक दी है। प्रत्येक पदाधिकारी को प्रतिदिन एक नया मतदाता जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है।

घटे वोटरों की भरपाई को भाजपा की नई रणनीति। (फोटो- जागरण आर्काइव)

घटे वोटरों की भरपाई को भाजपा की नई रणनीति। (फोटो- जागरण आर्काइव)

HighLights

  1. प्रत्येक पदाधिकारी को प्रतिदिन एक नया मतदाता जोड़ने का लक्ष्य।

  2. युवा और महिला मतदाताओं पर विशेष ध्यान, चलाए जा रहे अभियान।

  3. अयोध्या विधानसभा क्षेत्र में मतदाता संख्या बढ़ाने पर जोर।

प्रहलाद तिवारी, अयोध्या। एसआईआर में मतदाताओं की संख्या घटने के बाद भाजपा ने अब मतदाता सूची में नए नाम जुड़वाने के लिए संगठन की पूरी ताकत झोंकने की रणनीति बनाई है। पार्टी ने प्रत्येक पदाधिकारी को प्रतिदिन एक नया मतदाता जोड़वाने का लक्ष्य दिया है। इसके लिए बूथ से लेकर जिला स्तर तक जिम्मेदारियां तय की गई हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से एसआईआर में हिंदू मतदाताओं के नाम कटने पर चिंता जताए जाने के बाद संगठन ने अभियान को और गंभीरता से लिया है।

भाजपा का विशेष जोर युवा और महिला मतदाताओं पर रहेगा। महिला मोर्चा 28, 29 और 30 नवंबर को, जबकि भारतीय जनता युवा मोर्चा एक, दो और तीन दिसंबर को विशेष अभियान चलाएगा।

इस अभियान में महानगर के करीब 11 हजार और जिले के 18 हजार पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई। यानी 30 हजार से अधिक पदाधिकारी मतदाता जोड़ो अभियान में लगाए गए हैं। जिले के 18 और महानगर के चार मंडलों में संगठन की टीमों को जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।

पदाधिकारी को मिली नाम शामिल कराने की जिम्मेदारी

पार्टी की रणनीति जिले के 1,132 मतदान केंद्रों और 2,149 मतदेय स्थलों तक पहुंचने की है। प्रत्येक पदाधिकारी को एक बूथ की जिम्मेदारी देकर पात्र मतदाताओं को चिह्नित करने और उनके नाम मतदाता सूची में शामिल कराने का लक्ष्य दिया गया है। ड्रॉफ्ट मतदाता सूची सभी बूथों पर पहुंचा दी गई है। जिला और विधानसभा स्तर पर बैठकें हो चुकी हैं, जबकि शक्ति केंद्रों पर बैठकों के जरिए अभियान को गति दी जा रही है।

जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी ने बताया कि सभी पदाधिकारियों को प्रतिदिन एक नया मतदाता जोड़वाने का लक्ष्य दिया गया है। बूथ स्तर पर पात्र मतदाताओं की पहचान कर उनका नाम सूची में शामिल कराने के निर्देश दिए गए हैं। युवा और महिला मतदाताओं को जोड़ने के लिए मोर्चों को अलग से जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अयोध्या विधानसभा क्षेत्र पर सर्वाधिक फोकस

भाजपा की इस रणनीति के केंद्र में प्रतिष्ठापरक अयोध्या विधानसभा क्षेत्र है। एसआईआर में जिले की पांचों विधानसभा सीटों में सर्वाधिक 80 हजार 410 मतदाताओं की कमी अयोध्या विधानसभा क्षेत्र में दर्ज की गई।

इसके बाद विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) में आठ हजार 829 मतदाताओं के नाम बढ़े। इसके बावजूद यहां मतदाता-जनसंख्या अनुपात 52.10 प्रतिशत है। जनसंख्या के सापेक्ष मतदाता पंजीकरण का अनुपात कम होने के कारण भाजपा की चिंता बढ़ी हुई है।

यह भी पढ़ें- यूपी चुनाव से पहले रुदौली के विकास के लिए मिला 42 करोड़ का बूस्टर, सात गांवों की राह होगी आसान

यह भी पढ़ें- अयोध्या में अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश के लिए आवेदन शुरू, 31 जनवरी को होगी परीक्षा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।