अयोध्या में अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश के लिए आवेदन शुरू, 31 जनवरी को होगी परीक्षा
अयोध्या के रुदौली स्थित अटल आवासीय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छह और नौ में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
अटल आवासीय विद्यालय अयोध्या में कक्षा छह और नौ में प्रवेश।
निर्माण श्रमिकों, कोरोना अनाथों के बच्चों के लिए आवेदन।
आवेदन की अंतिम तिथि 5 जनवरी, परीक्षा 31 जनवरी को।
जागरण संवाददात, अयोध्या। रुदौली के अमराई गांव स्थित अटल आवासीय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छह और नौ में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इसके तहत कक्षा छह की 140 और कक्षा नौ की छह सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।
मंडल के पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों, कोरोना काल में निराश्रित हुए बच्चों तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के पात्र बच्चों से आवेदन मांगे गए हैं।
उप श्रमायुक्त अमित कुमार मिश्र ने बताया कि आवेदन पत्र 20 नवंबर से श्रम कार्यालय, प्रोबेशन, बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालयों के साथ विद्यालय से निश्शुल्क प्राप्त किए जा सकेंगे। पूर्ण आवेदन पत्र वांछित अभिलेखों के साथ पांच जनवरी की शाम पांच बजे तक जमा करने होंगे।
अनाथ बच्चों के आवेदन जिला प्रोबेशन कार्यालय से सत्यापित कराने के बाद श्रम विभाग कार्यालय में जमा होंगे। इस परीक्षा में पात्रता हेतु निर्माण श्रमिक का पंजीकरण कम से कम तीन वर्ष पुराना होना अनिवार्य है।
साथ ही एक परिवार से अधिकतम दो बच्चे पात्र होंगे। प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी को आयोजित होगी, जिसका परिणाम 25 फरवरी को घोषित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- 20 साल पुराने 1500 रुपये रिश्वत के मामले में कानूनगो को 3 साल की सजा, कोर्ट ने 5000 रुपये जुर्माना भी लगाया