अवध यूनिवर्सिटी की कार्रवाई: तीन कॉलेज एग्जाम सेंटर लिस्ट से बाहर, छात्र का रिजल्ट रद और दो शिक्षक डिबार
अवध विश्वविद्यालय ने परीक्षा में अनियमितताओं के चलते तीन महाविद्यालयों को केंद्र न बनाने का निर्णय लिया है। इस कार्रवाई ...और पढ़ें

तीन कॉलेजों के केंद्र बनने पर रोक।
HighLights
तीन महाविद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाने पर रोक।
एक छात्र का बीएड द्वितीय वर्ष परिणाम रद्द।
दो मूल्यांकनकर्ताओं को मूल्यांकन कार्य से डिबार।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय से संबद्ध तीन महाविद्यालयों को केंद्र न बनाने का निर्णय लिया गया है। इसमें कल्पना शिक्षण प्रशिक्षण महाविद्यालय हैदरगंज, अंबेडकरनगर के रामसमुझ सूरसती महाविद्यालय रतनपुर व श्री रामफेर शिवफेर महाविद्यालय निमड़ी हैं।
यह निर्णय शनिवार को संपन्न हुई विवि की परीक्षा समिति की बैठक में हुआ। इसमें बीती परीक्षा के दौरान कल्पना शिक्षण प्रशिक्षण महाविद्यालय परीक्षा केंद्र पर चार मोबाइल फोन पकड़े गये थे।
रामसमुझ सूरसती महाविद्यालय केंद्र पर मेल को फीमेल के रूप में दिखा कर विवि से अनुमति लेकर इनकी स्वकेंद्र परीक्षा कराई जाती मिली थी। परीक्षा के दौरान इन दोनों का केंद्र बदलकर जांच शुरू कराई गई। इसकी रिपोर्ट के आधार पर फैसला लिया गया।
उधर एक अन्य गंभीर मामले में श्री रामफेर शिवफेर महाविद्यालय निमड़ी काे परीक्षा केंद्र न बनाए जाने का निर्णय हुआ। यहां के छात्र अंकेश यादव का बीएड द्वितीय वर्ष का परीक्षा परिणाम निरस्त कर दिया गया।
छात्र की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकनकर्ता डॉ. अनिल कुमार यादव एवं डॉ. वेद प्रकाश को मूल्यांकन कार्य से अलग करते हुए डिबार कर दिया गया।
16 नवंबर से प्रारंभ होने वाली विषम सेमेस्टर परीक्षा में ये निर्णय लागू किए जाएंगे। तीन महाविद्यालयों को अग्रिम आदेश तक परीक्षा केंद्र न बनाने का निर्णय हुआ है। यह जानकारी विवि के परीक्षा नियंत्रक विनय कुमार सिंह ने दी।