'दीयों का रिकॉर्ड बनाने में यूपी अव्वल, रोजगार देने में फिसड्डी', अयोध्या में भाजपा और सपा पर बरसे आकाश आनंद
आकाश आनंद ने अयोध्या में भाजपा और सपा पर निशाना साधा, आरोप लगाया कि यूपी दीपोत्सव के रिकॉर्ड बनाने में आगे है लेकिन रोजगार देने में पीछे।

सोहावल में आयोजित जनसभा को संबोधित करते बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद। फोटो- जागरण
HighLights
भाजपा पर रोजगार देने में पिछड़ने और प्रचार पर जोर देने का आरोप।
सपा और कांग्रेस की नीतियों पर भी आकाश आनंद ने उठाए सवाल।
बसपा शासनकाल की उपलब्धियां गिनाईं, मायावती को सीएम बनाने का आह्वान।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। अयोध्या में दीपोत्सव पर हर साल दीये जलाने का नया रिकॉर्ड बनता है, लेकिन रोजगार देने में उत्तर प्रदेश लगातार पिछड़ रहा है। सरकार को दीयों की संख्या गिनाने के बजाय युवाओं को रोजगार देने का हिसाब देना चाहिए। विज्ञापनों से प्रदेश नहीं चलेगा, भाजपा अपने दस साल के कार्यकाल का हिसाब जनता को दे।
बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने शुक्रवार को बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के पंडित पुरवा में आयोजित जनसभा में ये बातें कहीं। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक, महिला सुरक्षा और शिक्षा के सवाल उठाकर भाजपा सरकार को घेरा तो सपा और कांग्रेस को भी कठघरे में खड़ा किया।
भाजपा ने काम से ज्यादा प्रचार पर दिया जोर: आकाश आनंद
आकाश आनंद ने कहा कि भाजपा सरकार में काम से ज्यादा प्रचार पर जोर है। जनता से पूछिए कि सरकार ने क्या काम किया तो जवाब मिलता है कि काम पता नहीं, लेकिन प्रचार खूब हुआ। अपनी तारीफ के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जबकि गरीबों को अस्पतालों में इलाज तक नहीं मिल रहा।
उन्होंने प्रचार पर सात हजार करोड़ रुपये खर्च करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अस्पतालों में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। सड़कें बनती हैं, फीता कटता है और कुछ ही समय में बह जाती हैं।
उन्होंने बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि प्रदेश के दो करोड़ से अधिक युवा रोजगार की समस्या से जूझ रहे हैं। सरकारी विभागों में लाखों पद खाली हैं, लेकिन भर्तियां नहीं हो रही हैं। भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक होने से युवाओं का भविष्य अंधकार में है।
भाजपा सरकार पर कसा तंज
प्रदेश में 25 हजार से अधिक सरकारी स्कूल बंद किए जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि इससे गरीब परिवारों और खासकर बेटियों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। शिक्षकों के करीब एक लाख 40 हजार पद खाली हैं। दस साल में स्कूलों के बजाय शराब के ठेके खुलने पर उन्होंने तंज कसा कि भाजपा को आत्मनिर्भर नागरिक नहीं, अंधभक्त चाहिए।
महिला सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं को कैमरे के सामने कार्रवाई दिखाने वाली व्यवस्था नहीं, बल्कि जमीन पर सुरक्षा चाहिए। अपराध के सरकारी आंकड़े और कानून व्यवस्था के दावे हकीकत से मेल नहीं खाते। पांच किलो राशन की कतार में खड़ा करने के बजाय सरकार युवाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसर दिये जाने चाहिए।
सपा नेता रामगोपाल यादव से मांफी मांगने की मांग
सपा पर हमला करते हुए आकाश आनंद ने कहा कि चुनाव आते ही पार्टी अपनी रणनीति और सामाजिक समीकरण बदलने लगती है। आंबेडकरवादी होने का दावा करने वाली सपा के नेताओं के बयानों और व्यवहार में विरोधाभास है। रामगोपाल यादव की टिप्पणी को बहुजन समाज के सम्मान से जोड़ते हुए उन्होंने माफी मांगने की मांग की।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में सपा ने अयोध्या की जनता से वोट तो लिया, लेकिन उसके लिए किया कुछ नहीं। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर का नाम लेते हैं, लेकिन कांग्रेस शासन में ही बाबा साहब को नेहरू मंत्रिमंडल से इस्तीफा देना पड़ा था। उन्हें लंबे समय तक भारत रत्न भी नहीं मिला। भाजपा और कांग्रेस एक ही सिक्के के दो पहलू हैं।
आकाश आनंद ने गिनाई बसपा शासनकाल की उपलब्धियां
बसपा शासनकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने बालिकाओं की शिक्षा, आर्थिक सहायता, सामाजिक सुरक्षा और बहुजन महापुरुषों के सम्मान में किए गए कार्यों का उल्लेख किया। कहा कि बसपा ने वंचित समाज को शिक्षा और सम्मान के जरिए आगे बढ़ाया।
अन्य दल सबका साथ देने का नारा देते हैं, जबकि मायावती सभी जातियों के लोगों को मंच पर स्थान देती हैं। बसपा सरकार में कानून व्यवस्था, रोजगार और जनकल्याण प्राथमिकता में थे। उन्होंने मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प भी दिलाया।
आकाश आनंद ने छह दिसंबर को लखनऊ में प्रस्तावित कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। साथ ही बीकापुर से घोषित बसपा प्रत्याशी जितेंद्र सिंह बब्लू के समर्थन में एकजुट होने की अपील की। प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने सभा की सफलता के लिए कार्यकर्ताओं का आभार जताया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।