विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में डांट से नाराज होकर युवक टावर पर चढ़ा, लाउडस्पीकर से समझाया गया; 3 घंटे चला ड्रामा

Published: Fri, 05 Dec 2025 05:13 PM (IST)

औरैया के पुरवा नया गांव में एक युवक पारिवारिक कहासुनी के बाद हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया। सूचना ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. डांट से नाराज होकर युवक हाईटेंशन टावर पर चढ़ा

  2. पुलिस ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद समझाकर नीचे उतारा

जागरण संवाददाता, औरैया। थाना क्षेत्र के गांव पुरवा नया में शुक्रवार दोपहर एक युवक घर में किसी बात को लेकर हुई कहासुनी से नाराज होकर घर से कुछ दूरी पर खेत में लगे हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया।

इसके बाद ग्रामीणों द्वारा मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। युवक काफी ऊंचाई पर चढ़ गया था, जिसके लिए पुलिस ने लाउडस्पीकर से समझाकर किसी तरह उसे समझाया। पुलिस का कहना है कि स्वजन की डांट से युवक नाराज था। जिस वजह से उसने ऐसा काम किया।

गांव नया पुरवा निवासी 20 वर्षीय विकास पुत्र चंद्रभान ने किसी बात को लेकर अपनी चचेरी बहन को डांट दिया। इसके बाद स्वजन ने युवक को डांट दिया। इसी बात पर वह घर के पास खेत में लगे हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया। कई घंटों तक ऊंचाई पर धातु की बीम पर बैठा रहा।

ग्रामीणों समेत स्वजन द्वारा उसे जोर की आवाज में उतरने को कहा गया, लेकिन युवक काफी ऊंचाई पर था। इसके कारण उसके पास आवाज नहीं पहुंच रही थी। इसके बाद पहुंची पुलिस ने लाउडस्पीकर की मदद से उसे समझा बुझाकर शांत कराया।

करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद नीचे उतारा। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली। लोगों का कहना रहा कि लाख चिल्लाने पर नीचे उतरने को युवक तैयार नहीं था।

उसकी इस हरकत से इलाके में बिजली कटौती और अनहोनी की आशंका बनी हुई थी। सूचना मिलते ही बेला थानाध्यक्ष गंगा दास गौतम पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

उन्होंने सबसे पहले टावर के आसपास भीड़ को नियंत्रित किया और सुरक्षा घेरा बनवाया। पुलिस टीम ने युवक से बातचीत शुरू करने के लिए लाउडस्पीकर का प्रयोग किया और लगातार उसे समझाने का प्रयास किया। गंगादास गौतम ने बताया कि कड़ी मशक्कत और अथक प्रयासों के बाद युवक को नीचे उतारा जा सका।