CM Yogi ने सपा सरकार पर साधा निशाना, बोले- 'चाचा भतीजे मिलकर बांट लेते थे नौकरियां'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा सरकार पर नौकरियों में भाई-भतीजावाद का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में नौकरियां चाचा-भतीजा मिलकर बांटते थे जिससे जरूरतमंद वंचित रह जाते थे। वर्तमान सरकार पारदर्शिता से नौकरियां दे रही है। उन्होंने मक्का किसानों को समर्थन मूल्य का लाभ देने के लिए औरैया में क्रय केंद्र खोलने की घोषणा की। कहा कि डबल इंजन की सरकार में बेटी और व्यापारी दोनों सुरक्षित हैं।

जागरण संवाददाता, औरैया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर कानून व्यवस्था और नौकरियों में भाई भतीजा वाद को लेकर सपा सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार में नौकरियां जरूरतमंदों को नहीं मिलती थी। चाचा भतीजा मिलकर नौकरियां बांट लेते थे।
व्यापारी हो या बेटी कोई भी सुरक्षित नहीं था। परंतु अब केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार में बेटी और व्यापारी दोनों पूरी तरह से सुरक्षित हैं। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के प्रति जोरी टोलरेंस की नीति पर सरकार काम रही है। उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरियां पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता केआधार पर पात्रों को मिल रही हैं। आगामाी 15 जून को देश के गृह मंत्री अमित शाह के साथ प्रदेश में 60 हजार पुलिस आरक्षियों को एक साथ नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे।
उन्होंने मक्का की फसल के रिकार्ड उत्पादन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए घोषणा की कि सरकार जल्द ही औरैया में मक्का की खरीद के लिए सरकारी क्रय केंद्र खोलेगी साथ ही मक्का किसानों को एमएसपी यानी न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ भी मिलेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को औरैया के जनता महाविद्यालय अजीतमल में विकसित कृषि संकल्प अभियान के क्रम में किसानों से संवाद करने के बाद आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने जनता के बीच सरकार की उपलब्धियों के बारे में चर्चा की।
सपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि पिछली सरकार सिर्फ महापुरुषों का अपमान करती थी वर्तमान सरकार ने लोकमता अहिल्याबाई होलकर के नाम पर औरैया में मेडीकल कालेज का निर्माण कराया। सरकार ने पुलिस विभाग 2.16 लाख, शिक्षा विभाग में 1.60 लाख नौकरियां प्रदान करने का काम वर्तमान सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में बेटी और व्यापारी दोनों सुरक्षित हैं अगर किसी ने बुरी नजर डालनी चाही तो उसे पता होना चाहिए कि हो सकता है उसे अगले चौराहे पर यमराज खड़े मिल जाएं।
उन्होंने कहा कि औरैया और आसपास के जिलों में किसान आलू की फसल करने के बाद खेत खाली रखते थे। कृषि वैज्ञानिकाें की मदद से किसानों ने जायद की फसल में पहली बार मक्का का रिकार्ड उत्पादन किया है। मक्के की फसल का उत्पादन बढ़कर 05 लाख हेक्टेयर हुआ है।
उसके लिए उन्होंने कृषि विभाग एवं कृषि वैज्ञानिकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि आज किसान मक्के की खेती से 01 लाख रुपये प्रति एकड़ से भी अधिक की आमदनी कर रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने 2017 में 86 लाख किसानों का 36 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया है। 15 लाख निजी ट्यूबवेल को फ्री बिजली प्रदान करने का काम किया है।
पी एम कुसुम योजना के तहत 01 लाख किसानों को सोलर पैनल की सुविधा प्रदान की। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने औरैया के लिए 272 करोड़ रूपये पुलिस लाइन, 151 करोड़ रूपये जालौन औरैया ब्रिज, 250 करोड़ जिला कोर्ट के लिए स्वीकृत किए हैं। औरैया पुलिस लाइन का वे शीघ्र ही उदघाटन करने आएंगे।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार 09 जून को अपने 11 वर्ष पूर्ण कर रही है। आप सभी ऐसे ही डबल इंजन सरकार का सहयोग करते रहे सरकार आपके लिए पलक पांवड़े बिछाकर हमेशा तैयार खड़ी रहेगी। मुख्यमंत्री ने इससे पहले कालेज परिसर में लगी मक्का किसानों की प्रदर्शनी का अवलोकन कर किसानों से बातचीत की।
उन्होंने कन्नौज के मुकेश कटियार, आलोक कुमार, औरैया के गौरव विश्नाई, कानपुर के सुनील सिंह एवं शंकर सिंह से मक्का के उत्पादन के बारे में सीधे मंच पर बुलाकर संवाद किया। इसके साथ ही नारायण देवी, नरेंद्र सिंहह, जितेंद्र राजपूत, विवेक दीक्षित को मिनी बीज किट प्रदान की। राजीव दीक्षित को कस्टमर हायरिंग सेंटर के लिए 24 लाख का चैक, कांती देवी को किसान दुर्घटना बीमा का 5 लाख, रेश कुमार को रोजगार योजना का 4 लाख का चैक प्रदान किया।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने मक्के की खेती के फायदों से किसानों को अवगत कराया और विश्वास दिलाया कि उनकी सरकार और अधिक उन्नत वाले खाद्य बीज के लिए काम कर रही है। सदर विधायिका गुड़िया कठेरिया ने कहा कि पूर्व की सरकारों में तो मंडी तक ले जाने में किसानों के ट्रैक्टर तक चोरी हो जाते थे भाजपा सरकार में किसान खुशहाल है बहु बेटी और उसका सिंदूर सुरक्षित है।
मुख्यमंत्री सुमन को पी एम आवास का स्वीकृति पत्र, गुड्डी देवी को पंचायत कोष हेतु 10 लाख का चेक एवं मान सिंह को घरौनी प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने जनपद का हवाई सर्वेक्षण किया गया। स्टॉल का निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी डा इंद्रमणि त्रिपाठी हल देकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख द्वारा सभी का धन्यवाद प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर औरैया की प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला, पूर्व सांसद राम शंकर कठेरिया, राज्यसभा सांसद गीता शाक्य, जिला अध्यक्ष भाजपा सर्वेश कठेरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे, प्रमुख सचिव कृषि, अपर पुलिस महानिदेशक आलोक सिंह, अपर पुलिस महानिरीक्षक हरीश चंद्र, अपर जिला अधिकारी महेंद्र पाल सिंह, कुलपति चन्द शेखर आजाद यूनिवर्सिटी आनंद कुमार सिंह सहित जनपद के विभिन्न अधिकारीगण तथा भारी संख्या में किसान एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।