विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाह री UP Police... बेटी को ढूंढने के लिए लाचार पिता से मांगे 10 हजार, ब्याज पर लेकर दिए, चौकी इंचार्ज निलंबित

Published: Tue, 06 Oct 2026 09:20 PM (IST)

औरैया में अपनी लापता बेटी को ढूंढने के लिए एक लाचार पिता से 10 हजार रुपये मांगने के आरोप में ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. लापता बेटी की तलाश में पिता से पुलिस ने मांगे पैसे

  2. पिता ने ब्याज पर 10 हजार रुपये देकर पुलिस को दिए

  3. ऑडियो वायरल होने के बाद चौकी प्रभारी को निलंबित किया गया

संवाद सूत्र, दिबियापुर(कानपुर)। एक लाचार पिता की बेबसी ने हर किसी को झकझोर दिया। औरैया में पांच महीने से लापता अपनी मासूम बेटी के न मिलने पर पुलिस की चौखट पर पहुंचा। वहां एक मजबूर पिता से रुपयों की मांग कर ली गई।

मासूम के लिए ब्याज पर 10 हजार रुपये लेकर पुलिस की चौखट पर रख दिए। खाकी का यह खौफनाक और असंवेदनशील चेहरा सामने आते ही हड़कंप मच गया।

गुमशुदा नाबालिग की तलाश में पीड़ित पक्ष से 10 हजार रुपये फोन काल कर मांगने पर प्लास्टिक सिटी चौकी प्रभारी को मंगलवार देर शाम एसपी ने निलंबित कर दिया। विभागीय जांच की जिम्मेदारी अजीतमल पुलिस क्षेत्राधिकारी शैलेंद्र सिंह को सौंपी है।

निलंबन के बाद चौकी प्रभारी ने रुपये मांगने के आरोप को गलत बताते हुए कहा कि नाबालिग के पिता को बार-बार चौकी पर बुलाया गया। जो नहीं आए और बाद झूठा आरोप लगा रहे। उधर, पीड़ित का कहना है कि उसने उधार रुपये लेकर मांग पूरी की। इस पूरे मामले का आडियो प्रचलित होने के बाद कार्रवाई हुई।

दिबियापुर थाना क्षेत्र के एक गांव करीब 17 वर्षीय किशोरी मई 2025 में एक युवक के साथ चली गई थी। इस संबंध में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। शुरुआत में मामले की जांच उपनिरीक्षक अभय प्रताप के पास रही। बाद में जांच प्लास्टिक सिटी चौकी प्रभारी रामवीर सिंह को सौंप दी गई।

पीड़ित पिता का आरोप है कि बेटी की तलाश कराने के लिए उनसे रुपये मांगे गए। उन्होंने 10 हजार रुपये ब्याज पर उधार लेकर पुलिसकर्मी को दिए। इसके बाद भी बेटी की तलाश के लिए अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। आरोप है कि अब दोबारा रुपये की मांग की जा रही है।

इससे परेशान होकर उन्होंने एसपी अभिषेक भारती से शिकायत कर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। दिबियापुर थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह का कहना है कि आडियो करीब 10 दिन पुराना है।

एएसपी आलोक कुमार मिश्र ने बताया कि पूरे मामले की विभागीय जांच के लिए अजीतमल पुलिस क्षेत्राधिकारी को जिम्मेदारी दी गई है। आख्या मिलने के बाद आगे की कोई कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी हो चुकी किरकिरी

दिबियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत निलंबन की कार्रवाई पूर्व में भी छह से अधिक पुलिस कर्मियों पर हो चुकी है। इसमें विवेचना में लापरवाही बरतने पर दारोगा के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है। दिबियापुर थाने में तैनात रहे दो प्रभारियों पर भी गाज गिर चुकी है। चार से अधिक सिपाहियों के साथ क्राइम निरीक्षक को लपेटे में लिया जा चुका है। इन सब कार्रवाई से कहीं न कहीं किरकिरी भी हुई है।

यह भी पढ़ें- KDA 6700 एकड़ में बसा रहा 3 नई सिटी, न्यू कानपुर सिटी दीपावली पर लॉन्च करने की तैयारी, जानें कौन से गांव होंगे शामिल