सरकारें तो बदलीं,नहीं पूरा हो सका प्लास्टिक सिटी का सपना
जासं औरैया दिबियापुर क्षेत्र के गांव उसरारी व लखनपुर के बीच छह साल पूर्व सपा सरकार में ...और पढ़ें

जासं, औरैया: दिबियापुर क्षेत्र के गांव उसरारी व लखनपुर के बीच छह साल पूर्व सपा सरकार में दिखाया गया प्लास्टिक सिटी बनाने का सपना आज भी 'सपना' ही रह गया है। 359 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया गया है। यहां पर 85 एकड़ में हाउसिग सेंटर बनाए जाने हैं। 274 एकड़ में बसे औद्योगिक केंद्र में से 271 एकड़ भूमि पर प्लास्टिक सिटी का निर्माण कराया जाना था। जो आज भी किसान, बेरोजगारों की उम्मीदों को मुंह चिढ़ा रहा है। अधूरी सड़कें जस के तस हैं। ककोर मुख्यालय से यह सिटी जुड़ी है।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने यहां भूमि को अधिग्रहण कर प्लास्टिक युग की जरूरतों को पूरा करने के लिए इसकी आधारशिला रखी थी। विकास की पहली चरण में मार्गों, नालियों व पुलियों का निर्माण कराया गया। दूसरे चरण में उच्च स्तरीय सुविधाएं प्रदान करने के लिए सड़कों का चौड़ीकरण कराया गया। बिजली की व्यवस्था को चाक चौबंद किया गया। ओवरहेड टैंक, बाउंड्रीवाल व पानी की टंकियों का निर्माण कराया गया। यहां पर प्लास्टिक दाना व उससे बनने वाले उत्पादों के लिए निजी क्षेत्र की कंपनियों को प्रोत्साहित करने का काम किया। 622 आवासीय व 286 औद्योगिक भूखंडों का सृजन नहीं हो पाया। भूमि अधिग्रहण के समय किसानों के परिवार व अन्य युवाओं को दिखाया गया रोजगार का सपना पूरा नहीं हो सका। इस क्षेत्र में उद्योग लगाने की कोशिशें तो कई बार हुई, लेकिन कुछ स्थानीय विरोधियों की वजह से आवंटी उद्योग लगाने को तैयार नहीं थे। जब भी कोई आवंटी वहां निर्माण करने की प्रक्रिया शुरू करते। विरोधी चिह्नित ईंट भट्ठा से ईंट लेने, ठेकेदार से काम कराने और खुद के द्वारा बताई गई दुकान से ही निर्माण सामग्री लेने के लिए बाध्य करते थे। यही वजह रही कि सपा शासन काल में तत्कालीन मुख्यमंत्री के तमाम प्रयास के बाद भी उद्योग स्थापित नहीं हो सके। सूबे में भाजपा सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध के साथ प्लास्टिक सिटी में उद्योग लगाने के पहल शुरू की । पुलिस चौकी की स्थापना की गई। अब इसका भविष्य तो आने वाला समय ही बताएगा।
---------
अहम मुद्दों में एक है यह सिटी
मतदाताओं पर नजर डाली जाए तो इस चुनाव दिबियापुर विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र में कुल मतदाता 321698 हैं। पुरुष मतदाताओं का प्रतिशत 63.56 व महिलाओं का 61.85 है। रण में इस बार दो दिग्गज चेहरे पुराने हैं। सपा से पूर्व विधायक प्रदीप यादव व भाजपा से विधायक व कृषि राज्य मंत्री लाखन सिंह राजपूत। वर्ष 2017 में प्रदीप यादव को लाखन सिंह ने हराया था। सपा की सीट पर भाजपा काबिज हुई। इस सीट पर अहम दलों में बसपा से अरुण कुमार दुबे व कांग्रेस से मनोज पाल हैं।
----
बोले लोग..
प्लास्टिक सिटी का सपना कब साकार होगा, यह तो जनप्रतिनिधि ही तय करेंगे। फिलहाल सब अधूरा पड़ा है।
-शाहिद सिद्दीकी निवासी जमौली
औद्योगिक क्षेत्र के रूप में दिखाया गया सपना अधूरा है। सड़कें अधूरी पड़ी है। जो काम होना था वह अधूरा है।
-राहुल दुबे निवासी कंचौसी
विकास के पहिये को गति देने का कार्य सुस्त है। प्लास्टिक सिटी ठंडे बस्ते में जा पहुंची है। कोई कार्य नहीं हो रहा।
-श्याम दीक्षित निवासी कंचौसी बाजार

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।