गुटखा और तंबाकू दांतों के दुश्मन
औरैया : स्वस्थ शरीर में स्वस्थ दांत महत्वपूर्ण भूमिका अदा करते हैं। गुटखा व तंबाकू खाने की आदत दांतों पर प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं। तंबाकू से कैंसर का खतरा तो होता ही है, दांत भी खराब हो जाते हैं। यह जानकारी जागरण प्रश्न प्रहर के अंतर्गत दंत चिकित्सक डा.प्राची गुप्ता ने दी। उन्होंने बताया कि पायरिया रोग भी तंबाकू खाने तथा दांतों में गंदगी से पनपता है। इसलिए तंबाकू से दूरी जरूर बनाए रखी जाए।
उन्होंने बताया कि चाय, कॉफी अधिक मात्रा में पीने से दांतों के इनेमल पर गलत असर पड़ता है। इसलिए जब भी चाय या काफी पिएं तो 10 मिनट बाद कुल्ला जरूर करें। अधिक सिगरेट पीने वालों के दांत भी खराब हो जाते हैं। इससे मसूड़ों में कालिमा आ जाती है जो दांत में सड़न उत्पन्न कर देती है। जागरण प्रश्न प्रहर में सवाल जवाब के प्रमुख अंश-
सवाल : ठंडा गरम पानी दांतों में लगता है, साथ ही खट्टापन का अहसास होता है? अनिल शर्मा, सत्तेश्वर
जवाब:ब्रश करने का तरीका ठीक नहीं है, साथ ही दांत में सेंसटिविटी हो गई है। मेडीकेटेड टूथ पेस्ट का उपयोग करने के साथ-साथ दंत चिकित्सक से चेकअप कराएं।
सवाल : रात में सोने के बाद सुबह जागने पर दांत सूखे लगते हैं? महेंद्र कुमार, नरायनपुर
जवाब : रात में पानी पीकर सोएं, दो बार ब्रश करें, रात के वक्त गुनगुने पानी में नमक मिलाकर कुल्ला करना शुरू करें।
सवाल : दाढ़ में कीड़ा लग गया है जिससे दर्द रहता है? बृजेश, सत्तेश्वर
जवाब : दांत की दाढ़ में होल हो गया है। इसकी फिलिंग की जाएगी, तभी राहत मिलेगी।
सवाल : मुंह से बदबू आती है? सुनील दत्त दिबियापुर
जवाब : पायरिया के लक्षण हैं, तत्काल दांत साफ करवाएं। समस्या ठीक हो जाएगी।
सवाल : आठ साल की बच्ची के दांत में कीड़ा लग गया है, जिससे दर्द रहता है? छोटे लाल बिरिया
जवाब : चिकित्सक से परामर्श लें, दर्द वाले दांत को उखड़वा दें, नहीं तो जो नए दांत आएंगे, उसमें भी कीड़े लगने की संभावना है।
सवाल : पीछे के दांत पैने हो गए हैं जिससे गाल कटता रहता है? राकेश शर्मा सहार
जवाब : दंत चिकित्सक से संपर्क कर पीछे के दांत की हल्की घिसाई करा दी जाए। समस्या दूर हो जाएगी।
सवाल : कुछ साल पहले दांत में फिलिंग कराई थी, जिसका मशाला अब निकलने लगा है? उपेंद्र सिंह, दिबियापुर
जवाब : अब नई तकनीक से फिलिंग की जाती है। इस बार फिर से फिलिंग कराएं।
सवाल : पीछे की दाढ़ निकल रही है, साथ ही दांत टेढ़े मेढ़े हैं? अभिषेक कुमार, मुरादगंज
जवाब : जिस दांत की दाढ़ निकल रही है, उसका मांस बढ़ गया है। इसकी सफाई कराएं। टेढ़े मेढे़ दांत तार लगाकर ठीक किए जाते हैं।
सवाल : जब मसाला खाता हूं, तो दांत में दर्द रहता है? विनय कुमार, रुरुआ
जवाब : मसाला खाना बंद कर दें। दांतों के मसूड़ों में मसाला की गंदगी पहुंच गई है जिससे दर्द होता है।
सवाल : दांत में दर्द रहता है? शिवम पोरवाल, मुरादगंज
जवाब : दो बार ब्रश करें तथा मेडीकेटेड टूथपेस्ट का उपयोग किया जाए।
सवाल : खाना खाते वक्त पीछे के दांत में दर्द रहता है? जय हिंद बाबरपुर
जवाब : मसूड़े खुल गए हैं, उसमें गंदगी जा रही है। संक्रमण की वजह से दर्द होता है, तत्काल दांत की सफाई कराएं।
सवाल : बच्चे के जन्म के समय दो दांत निकले हुए थे, जिसे निकलवा दिया गया, अब वह दांत नहीं निकल रहे हैं? अजय तिलक नगर
जवाब : दूध का दांत निकलवा दिया गया है। इस कारण यह समस्या आ रही है, जब दूध के दांत गिरने की स्टेज पूरी हो जाएगी तो दांत आ जाएगा, लेकिन उस दौरान काफी देखभाल करनी होगी।
सवाल : मसूड़ों से खून आता है? अमित सिंह तिलक नगर
जवाब : दांतों की सफाई कराएं। नमक मिले गुनगुने पानी से कुल्ला करें।
सवाल : मसाला खाने से दांत लाल हो गए हैं? अखिलेश कुमार, लालपुर
जवाब : बहुत मसाला खाने से यह समस्या खड़ी हो गई है। दांतों की सफाई करा लें, समस्या दूर हो जाएगी।
सवाल : मुंह से बदबू आ रही है? सतेंद्र कुमार, मैनपुरी
जवाब : दांत साफ कराकर उसके नीचे जमी परत को हटाना जरूरी है।
सवाल : सामने के दांतों में ठंडा, गरम पानी लगता है? शिवशंकर सिंह चौहान पूरनपुर
जवाब : सामने के दांत के मसूड़े नीचे खिसक गए हैं। इस कारण समस्या आ रही है।
सवाल : नौ साल का बच्चा है, दांतों में पीलापन के साथ-साथ उनकी बनावट टेढ़ी मेढ़ी है? विनय द्विवेदी, उड़नपुरा
जवाब : बच्चे को अच्छी तरह से ब्रश कराएं, जो टेढ़े मेढ़े दांत हैं, उन्हें निकलवा दें। चूंकि अभी दूध के दांत है। इस वजह से समस्या सुलझ जाएगी।
ट्रामा तकनीक से होता है दांत का इलाज : कभी दांत निकलवाना बेहद कष्टदायक होता था और लोग दूर भागते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं है। डा. प्राची गुप्ता ने बताया कि दांतों के रोग तथा उनके उपचार के लिए ट्रामा तकनीकि का इस्तेमाल किया जाता है इसमें जिस दांत की सर्जरी की जाती है, केवल उसी को ट्रीट किया जाता है। दो दिन के भीतर घाव भर जाते हैं इसमें दर्द भी नहीं होता क्योंकि ट्रेंकुलाइजर का उपयोग ठीक ढंग से होता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।