यूपी में खौफनाक अपराध: बहन ने गेहूं बेचने से रोका, भाई ने गड़ासे से काट डाला गला
अमरोहा में एक बेरोजगार भाई ने दो किलो गेहूं बेचने से रोकने पर अपनी बहन की गड़ासे से गला काटकर हत्या कर दी। माँ और बेटे के बीच कहासुनी हुई जिसके बाद बहन ने हस्तक्षेप किया तो उस पर हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी जंगल में छिप गया लेकिन पुलिस ने उसे तीन घंटे बाद गिरफ्तार कर लिया। मृतका की नवंबर में शादी होने वाली थी।

जागरण संवाददाता, अमरोहा । दो किलो गेहूं बेचने से रोकने पर छोटे भाई ने बहन की जान ले ली। उसने गड़ासे से सो रही बहन की गला काटकर हत्या कर दी। इसके बाद भागकर जंगल में छिप गया। मां के शोर मचाने पर ग्रामीण एकत्र हुए और पुलिस ने तीन घंटे बाद उसे गिरफ्तार किया।
स्वजन के मुताबिक आरोपित आवारा किस्म का है। घर में रखे गेहूं व अन्य सामान बेचकर कई -कई दिन गायब रहता था। रजबपुर क्षेत्र के गांव आरिफपुर माफी उर्फ आरवपुर में पति हरि सिंह की मृत्यु के बाद अनीता अपनी बेटी रेखा, बेटा सतेंद्र, भूपेंद्र, जितेंद्र और पुष्पेंद्र के साथ रहती हैं। सतेंद्र और भूपेंद्र पंजाब में मजदूरी करते हैं।
मां और बेटे के बीच कहासुनी
बुधवार सुबह करीब सात बजे पुष्पेंद्र ने घर में रखे गेहूं में से दो किलो गेहूं शर्ट में भरकर दुकान पर बेचने जा रहा था। इस पर मां और बेटे के बीच कहासुनी हो गई। झगड़े की आवाज सुनकर रेखा जाग गई और उसने पुष्पेंद्र को रुकने के लिए कहा। इसके बाद वह चादर ओढ़कर सो गई।
गुस्साए पुष्पेंद्र ने गंडासा उठाया और रेखा के गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। स्वजन कुछ समझ पाते, आरोपित फरार हो गया।
एएसपी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि कहासुनी के बाद छोटे भाई ने बड़ी बहन की हत्या की है। प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
नवरात्रि में गोदभराई और नवंबर में होनी थी शादी
मां अनीता ने बताया कि रेखा की शादी नवंबर में होनी थी। नवरात्रि में उसकी गोदभराई की तैयारियां चल रही थी। पुष्पेंद्र कोई काम नहीं करता था। वह दिन भर आवारा की तरह घूमता रहता था। गांव वालों से भी ज्यादा मतलब नहीं रखता था। तीन साल पहले बाइक चोरी के मामले में जेल गया था। मां ने पैरवी कर छुड़ाया। लेकिन, जेल से छूटने के बाद छह माह तक गायब हो गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।