तिगरी मेला में जमकर हुई खरीदारी, मीना बाजार से लेकर खेल-खिलौनों की दुकानों पर लगी रही भीड़
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर तिगरी मेले में श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ा, जहां बाजारों में दिनभर जमकर खरीदारी हुई। मीना बाजार से लेकर खेल-खिलौनों की दुकानों और झूलों पर भी भारी भीड़ देखी गई।

तिगरी गंगा घाट पर कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान पर उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब।
HighLights
कार्तिक पूर्णिमा पर तिगरी मेले में श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ा।
मीना बाजार और खेल-खिलौनों की दुकानों पर जमकर हुई खरीदारी।
झूले, तमाशे रहे आकर्षण का केंद्र, सुरक्षा एजेंसियां रहीं सतर्क।
संवाद सहयोगी, अमरोहा। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर तिगरी मेले में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। मेले के बाजारों में दिनभर खरीदारों की भारी भीड़ रही तो वहीं झूले और तमाशे भी आकर्षण का केंद्र बने रहे। खानपान से लेकर जरूरत और मनोरंजन के सामान तक की दुकानों पर श्रद्धालुओं ने जमकर खरीदारी की। पूरे मेला परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल नजर आया।
कार्तिक पूर्णिमा पर लाखों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने मेले के बाजारों का खूब आनंद लिया। मीना बाजार हो या मनोरंजन चौकी क्षेत्र में लगी दुकानें, हर तरफ ग्राहकों की भीड़ दिखाई दी।
मेले का शायद ही कोई बाजार ऐसा रहा हो, जहां खरीदारों की चहल-पहल न रही हो। महिलाओं ने सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर जमकर खरीदारी की तो बच्चों ने खेल-खिलौने पसंद किए।

वहीं युवाओं में क्रिकेट, वॉलीबाल और बैडमिंटन सहित खेलकूद के सामान की खरीदारी को लेकर उत्साह दिखाई दिया। उधर, झूलों और तमाशों पर भी श्रद्धालुओं की खूब भीड़ उमड़ी। बच्चों और युवाओं ने मनोरंजन के साधनों का आनंद लिया।
बाजारों और सदर गेट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिसकर्मी पूरी तरह सतर्क रहे। वहीं सुरक्षा एजेंसियों ने भी मेला परिसर में असामाजिक तत्वों और संदिग्ध व्यक्तियों पर पैनी नजर बनाए रखी।
यह भी पढ़ें- जहां नजर गई वहां दिखे श्रद्धालु: हर-हर गंगे के जयकारों से गूंजा तिगरी घाट, लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में डुबकी
यह भी पढ़ें- कार्तिक पूर्णिमा पर तिगरी गंगा घाट में उमड़ा आस्था का सैलाब, भोर में सूर्य को अर्घ्य देकर मांगी सुख-समृद्धि