विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तिगरी की रेती पर बसा आस्था का शहर, गंगा तट पर लोगों को बुला रही तंबुओं का नगरी

Published: Mon, 16 Nov 2026 03:05 PM (IST)Updated: Mon, 16 Nov 2026 03:06 PM (IST)

अमरोहा में गंगा तट पर तिगरी मेले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं, जहां रेत पर तंबुओं का शहर बस ...और पढ़ें

तिगरी की रेती पर बसा आस्था का शहर।

तिगरी की रेती पर बसा आस्था का शहर।

HighLights

  1. तिगरी मेले में गंगा की रेती पर तंबुओं का शहर बसा।

  2. श्रद्धालुओं के लिए 24 स्नान घाट तैयार, तैयारियां अंतिम चरण में।

  3. पांटून पुल से तिगरी और गढ़ मेले को जोड़ा जा रहा है।

संजय रुस्तगी, अमरोहा। बाहें पसारे गंगा... दूर तक फैला रेत का समंदर। यहां अब स्वरूप बदल रहा है। तंबुओं का शहर बस रहा है। जिसकी न कोई पक्की दीवार है, न कोई स्थायी पता। फिर भी यहां घर का अहसास होता है। हर चेहरे पर अपनापन खिलता है। कहीं चूल्हे की आंच है तो कहीं पकवानों की महक। कहीं बच्चों की किलकारी है तो कहीं अपनों के मिलने की खुशी। गंगा की लहरें साक्षी हैं।

तिगरी की रेती पर आस्था का कारवां फिर उतर आया है। यहां आने वाले सिर्फ गंगा स्नान नहीं करते। कुछ दिन अपनी दुनिया से दूर, अपनों के करीब भी जीते हैं। बुजुर्गों की आंखों में पुण्य की डुबकी का इंतजार है। बच्चों के सपनों में झूले और खिलौने हैं। महिलाओं को बाजार की रौनक लुभा रही है।

तंबुओं के बाहर बिछी चारपाइयां फिर रिश्तों की महफिल सजाएंगी। रातें भजन और बातचीत में गुजरेंगी। सुबह गंगा की लहरों के साथ नई शुरुआत होगी। यही तिगरी का आकर्षण है। यहां मेला केवल लगता नहीं, जिया जाता है। मेले का उद्घाटन 20 नवंबर को होगा, लेकिन गंगा की रेती पर उत्सव ने रविवार से ही दस्तक दे दी। 10 दिवसीय मेले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। श्रद्धालुओं के स्नान के लिए 24 घाट बनाए गए हैं। गं

गा के कटान के चलते इस बार मुख्य मार्ग से आगे बढ़कर स्नान करना होगा। मुख्य स्नान के बाद तंबू उखड़ेंगे। बाजार सिमटेंगे। पीछे रह जाएंगी मन में सहेजी अनगिनत यादें। शायद इसी इंतजार में हर साल लोग लौटते हैं। क्योंकि तिगरी में सिर्फ मेला नहीं सजता, यहां यादों का एक संसार बसता है।

किराना दुकानदार सुनील कुमार पिछले 15 वर्षों से यहां दुकान लगा रहे हैं। बताते हैं कि गांव में दुकान चलाने के साथ मेले में कारोबार से अच्छी कमाई हो जाती है। आमतौर पर देवोत्थान एकादशी के बाद भीड़ बढ़ती है, लेकिन इस बार श्रद्धालु अभी से आ रहे हैं।

मोहल्ला बना गढ़ मेला

कटान के चलते गढ़ मेला तिगरी के और करीब आ गया है। दोनों ओर की बसावट देखकर लगता है, जैसे गंगा के पार तिगरी का ही एक और मोहल्ला आबाद हो गया हो। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर दोनों मेलों को जोड़ने के लिए पांटून पुल तैयार किया जा रहा है। 18 नवंबर के बाद श्रद्धालु इस पुल से चंद मिनटों में गढ़ मेले तक पहुंच सकेंगे। इससे दोनों ओर के दुकानदारों को नए ग्राहक मिलेंगे और स्थानीय कारोबार को भी विस्तार मिलेगा।

आस्था के बीच सियासत की हलचल

मेला धनौरा विधानसभा क्षेत्र में लगता है, लेकिन आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोगों के आने से राजनीतिक दलों के दावेदार भी सक्रिय हैं। मुख्य मार्ग से मेला क्षेत्र तक नेताओं के होर्डिंग नजर आने लगे हैं। अमरोहा के साथ मुरादाबाद के कांठ क्षेत्र के नेताओं ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है।

यह भी पढ़ें- ऐतिहासिक तिगरी मेले में बसने लगी 'तंबुओं की नगरी', श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू

यह भी पढ़ें- ऐतिहासिक तिगरी मेला में खूब बजेगी ढोलक, गंगा किनारे मिट्टी के कुल्हड़ से लेकर पीतल के सामान तक की सजेगी मंडी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।