एक होंगे तिगरी और गढ़ गंगा मेला: महाभारत काल से चले आ रहे मेले में पहली बार होगा ये बड़ा बदलाव, 30 लाख श्रद्धालुओं को मिलेगा सीधा फायदा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर तिगरी और गढ़ गंगा मेले को जोड़ने के लिए 200 मीटर लंबा पांटून पुल ...और पढ़ें

तिगरी मेले में पैटून पुल के लिए क्रेन से उतारे जाते पीपे। सौ. ग्रामीण
HighLights
मुख्यमंत्री के आदेश पर पहली बार बनाया जा रहा 40 पीपों का पांटून पुल
संवाद सहयोगी, गजरौला (अमरोहा)। मां गंगा के पावन तट पर लगने वाले उत्तर भारत के प्रसिद्ध तिगरी गंगा मेले और गढ़मुक्तेश्वर मेले को आपस में जोड़ने की वर्षों पुरानी पहल इस बार साकार होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर दोनों मेलों के बीच गंगा में 40 पीपों से 200 मीटर लंबा पांटून पुल बनाने का काम शुरू हो गया है। मुरादाबाद व अलीगढ़ से गुरुवार शाम पीपे तिगरी लाए गए हैं।
डीएम डाॅ. नितिन गौड़ ने बताया कि चार दिन के भीतर पांटून पुल बनाकर तैयार कर दिया जाएगा। जिसके बाद श्रद्धालुओं को गंगा पार करने के लिए नावों का सहारा नहीं लेना पड़ेगा और दोनों ओर लगने वाले मेलों में आसानी से आवागमन कर सकेंगे।
बीते साल गढ़ गंगा मेले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोनों मेलों को आपस में जोड़ने की घोषणा की थी। इसी क्रम में क्षेत्रीय विधायक राजीव तरारा के प्रयासों से पांटून पुल निर्माण की तैयारी शुरू हो गई है।
पुल बनने से न केवल श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि दोनों ओर लगने वाले मेलों के व्यापार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। तिगरी और गढ़मुक्तेश्वर का गंगा मेला अपनी धार्मिक और ऐतिहासिक पहचान के लिए प्रसिद्ध है।
मान्यता है कि यह मेला महाभारत काल से लगता आ रहा है। हर वर्ष लाखों श्रद्धालु मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाने पहुंचते हैं। इस साल पहली बार दोनों मेलों के बीच पांटून पुल बनाए जाने की तैयारी से मेले के इतिहास में नया अध्याय जुड़ने जा रहा है।
त्रेता युग से चले आ रहे इस मेले में पहली बार गंगा के दोनों किनारे पांटून पुल के जरिए एक होंगे। डीएम ने बताया कि दोनों जिलों के मेले को जोड़ने के लिए अलीगढ़ व मुरादाबाद से 40 पीपे मंगाए गए हैं।
लोनिवि पांटून पुल का निर्माण कर रहा है। बुधवार रात व गुरुवार को तैयारियों का निरीक्षण कर दिशा-निर्देश दिए हैं। एसपी लखन सिंह यादव ने बताया कि पांटून पुल बनने के साथ ही गंगा में सुरक्षा के प्रबंध भी किए जा रहे हैं।90 नाव गंगा में मौजूद रहेंगी। जिन पर पुलिस कर्मी व गोताखोर तैनात रहेंगे।
उधर विधायक राजीव तरारा ने पांटून पुल निर्माण की प्रक्रिया तेजी से शुरू होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पुल बनने से गंगा के दोनों ओर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी और दोनों मेलों की धार्मिक रौनक के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।