तिगरी गंगा मेले में घूमने के साथ निपटाएं यह जरूरी काम, मेले में लगने जा रहा है स्पेशल कैंप, प्रशासन ने की खास तैयारी
अमरोहा में 16 नवंबर से स्व-गणना का कार्य शुरू होगा, जिसके लिए तिगरी गंगा मेला में विशेष शिविर लगाए जाएंगे ...और पढ़ें

एआई इमेज
जागरण संवाददाता, अमरोहा। जनगणना के द्वितीय चरण में जनसंख्या की गणना की जाएगी। इसमें भी स्व-गणना का प्रावधान रखा गया है। 16 नवंबर से स्व-गणना का कार्य शुरू होगा। इसके लिए प्रशासन द्वारा मजबूत तैयारियां की गई हैं। घर बैठे लोग अपनी व परिवार के सदस्यों की गणना कर सकेंगे क्योंकि, इस बार तिगरी गंगा मेला भी है। यहां पर भी प्रशासन ने स्व-गणना कराने के लिए शिविर लगाने का निर्णय लिया है।
मौज-मस्ती के बीच नागरिक गंगा किनारे भी अपना व परिवार के सदस्यों का आनलाइन फार्म भर सकेंगे। शिविर में मौजूद कर्मचारी उनका सहयोग करेंगे। अगर किसी को कोई परेशानी है तो वह हेल्पलाइन नंबर 1855 व व्हाट्सएप नंबर 18001801855 पर अवगत करा सकता है।
जिला जनगणना अधिकारी गरिमा सिंह ने बताया कि 6 नवंबर से स्व-गणना का कार्य शुरू होगा और 30 तक चलेगा। स्व-गणना में नागरिक (https://se.census.gov.in) पर जाकर घर बैठे ही परिवार का ब्योरा फार्म में भर सकते हैं।
आनलाइन विवरण दर्ज करने के बाद प्राप्त एसई आइडी को सुरक्षित रखें तथा प्रगणक के घर आने पर उन्हें उपलब्ध कराएं, जिससे आवश्यक सत्यापन किया जा सके। एक दिसंबर से प्रगणक घर-घर जाकर परिवारों का ब्योरा जुटाएंगे।
यह काम चार जनवरी तक चलेगा। इसके बाद 5 से नौ जनवरी तक पुनरीक्षण का काम होगा। स्व-गणना के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। अधिक से अधिक लोगों से आनलाइन फार्म भरवाने पर फोकस रहेगा।
जनसंख्या गणना के लिए प्रगणकों, पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। 3403 प्रगणक, 580 सुपरवाइजर जनगणना का कार्य करेंगे। तिगरी गंगा मेला पर भी शिविर लगाया जाएगा। नगर क्षेत्र में शुक्रवार को रैली के जरिए लोगों को स्वगणना के लिए प्रेरित किया जाएगा।
व्यक्तिगत जानकारी रहेगी गोपनीय
जिला गणना अधिकारी ने बताया कि जनगणना के दौरान प्राप्त व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत व्यक्तिगत जनगणना अभिलेखों को कानूनी संरक्षण प्राप्त है। जनगणना के लिए किसी प्रकार के अभिलेख अथवा दस्तावेज प्रस्तुत करने की आवश्यकता नहीं होगी।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं तथा जनगणना कार्य में पूरा सहयोग करें। साथ ही किसी भी व्यक्ति को बैंकिंग पासवर्ड, एटीएम अथवा यूपीआई पिन और ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारी न दें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।