तिगरी मेले में गूंजेंगे मां गंगा के जयकारे, श्रद्धालुओं के स्वागत को सजने लगे घाट, तैयारियां तेज
उत्तर भारत के ऐतिहासिक तिगरी गंगा मेले की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं, जिसमें घाटों को सजाया जा रहा है और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है।

गजरौला तिगरी मेले पर ट्रैक्टर द्वारा बनाते घाट। जागरण
HighLights
मेले की तैयारियां जोर-शोर से, घाटों को सजाया जा रहा है।
जिलाधिकारी के निरीक्षण के बाद कार्यों में तेजी आई है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु पुलिस बल तैनात, बैरिकेडिंग की गई।
संवाद सहयोगी, गजरौला। उत्तर भारत के प्रसिद्ध ऐतिहासिक तिगरी गंगा मेले की तैयारियां इन दिनों जोर-शोर से चल रही हैं। जल्द ही मां गंगा के जयकारों और श्रद्धालुओं की आस्था से पूरा मेला क्षेत्र भक्तिमय हो उठेगा। गंगा स्नान के लिए घाटों को तैयार किया जा रहा है। वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस बार व्यवस्थाओं को पहले से अधिक बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
मेले में श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाने के लिए सड़कों को चौड़ा किया गया है। ट्रैक्टरों की मदद से रास्तों को समतल और तैयार किया जा रहा है। इस बार मेला क्षेत्र चौड़ाई में कम, लेकिन लंबाई में अधिक रखा गया है। गंगा घाटों के आसपास शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं मनोरंजन के लिए झूले भी लगाए जा रहे हैं, जिससे मेले में आने वाले परिवारों और बच्चों को मनोरंजन की सुविधा मिल सके।
जिलाधिकारी द्वारा मेला क्षेत्र का निरीक्षण किए जाने के बाद तैयारियों में तेजी आई है। अधिकारियों को 15 तारीख तक सभी कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसी के चलते संबंधित विभाग दिन-रात व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
सुरक्षा के लिए पुलिस की तैनाती, महिला कांस्टेबल भी पहुंचीं
मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन भी सतर्क हो गया है। पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जा रही है और पुलिस बल की आमद शुरू हो गई है।
महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला कांस्टेबलों की भी तैनाती की गई है। गहरे जल वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग कराई गई है, ताकि श्रद्धालु अनजाने में गहरे पानी की ओर न जा सकें।
इसके अलावा मेला क्षेत्र के विभिन्न रास्तों पर पुलिस द्वारा बैरियर लगाए गए हैं। कुल मिलाकर, मां गंगा के पावन तट पर लगने वाले तिगरी मेले को लेकर तैयारियां अंतिम चरण की ओर बढ़ रही हैं।
प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धा, भक्ति और आस्था के इस महापर्व में आने वाले श्रद्धालुओं को गंगा स्नान के साथ-साथ सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल मिल सके।
यह भी पढ़ें- तिगरी मेले में गुम हुए तो फेस रीडिंग कैमरे से तलाश सकेगी पुलिस, हाईटेक बना ऐतिहासिक गंगा मेला
यह भी पढ़ें- तिगरी मेले में आए ब्रेक डांस और ड्रैगन जैसे कई रोमांचक झूले, NOC के बाद ही संचालन की मिलेगी इजाजत
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।