तिगरी मेले में गुम हुए तो फेस रीडिंग कैमरे से तलाश सकेगी पुलिस, हाईटेक बना ऐतिहासिक गंगा मेला
अमरोहा के तिगरी मेले में इस बार सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जिसमें एनपीआरपी और फेस रीडिंग कैमरों का उपयोग किया जाएगा।

ये तस्वीर AI द्वारा जनरेट की गई है।
HighLights
एनपीआरपी कैमरे वाहनों का डाटा करेंगे दर्ज।
फेस रीडिंग कैमरे गुम हुए लोगों को खोजेंगे।
अमरोहा पुलिस पहली बार कर रही यह प्रयोग।
जागरण संवाददाता, अमरोहा। तिगरी मेले में इस बार पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए हैं। ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
इस बार मेले में आने वाले प्रत्येक वाहन का डाटा पुलिस के पास होगा। बाइक या कार से हुड़दंग करने वालों पर तत्काल शिकंजा कसा जाएगा। साथ ही यदि कोई बच्चा, महिला या बुजुर्ग मेले में खो जाता है तो स्वजन से उसका एक फोटो लेकर पुलिस मेले में लगाए गए विशेष कैमरों की मदद से उसे तलाश करेगी।
तिगरी मेले में तैयारियों के इस क्रम में अमरोहा पुलिस पहली बार मेले में एनपीआरपी कैमरे (आटोमैटिक नंबर प्लेट रीडिंग) लगा रही है। जिससे मेले में बाइक या कार से हुडदंग करने वालों पर नजर रखी जाएगी। मेले में आने वाले प्रत्येक वाहन का डाटा कैमरे की मदद से पुलिस के पास होगा।
सारा डाटा पुलिस के पास रहेगा
यह कैमरे सौ मीटर दूरी से ही वाहन की नंबर प्लेट को पढ़ कर उसका सारा डाटा पुलिस से सिस्टम पर अपडेट करेगा। इन कैमरों को मेले के प्रत्येक प्रवेश गेट के साथ ही प्रत्येक सेक्टर में भी लगाया जा रहा है।
इसके साथ ही दूसरी अच्छी पहल यह की गई है कि यदि मेले में कोई बच्चा, महिला या बुजुर्ग गुम होता है तो उसकी तलाश भी फेस रीडिंग कैमरे से की जाएगी। पुलिस केवल स्वजन से गुम व्यक्ति का फोटो लेगी। कैमरा सिस्टम फोटो के माध्यम से मेले में लगने वाले फेस रीडिंग कैमरे की मदद से उसकी तलाश करेगा।

यानि उच्च क्षमता वाले इन कैमरों की यह खासियत है कि फोटो के माध्यम से कैमरे की नजर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के चेहरे का मिलान कर गुम होने वाले व्यक्ति को खोज कर सामने ले आएगा। इससे यह पता चल सकेगा कि संबंधित व्यक्ति किस मार्ग से गुजरा है। यह प्रयोग भी अमरोहा पुलिस मेले में पहली बार कर रही है।
तिगरी मेले में इस बार उच्च क्षमता के कैमरे लगाए जा रहे हैं। 150 कैमरे लगाने की तैयारी है। यह न सिर्फ वाहनों का डाटा सर्च करेंगे बल्कि गुम होने वाले लोगों की तलाश में भी मदद करेंगे। लखन सिंह यादव, एसपी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।