सड़क पर जहां तक नजर गई, दिखे सिर्फ ट्रैक्टर ही ट्रैक्टर! तिगरी मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब, लगा लंबा जाम
गजरौला के तिगरी गंगा मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के कारण रेलवे फाटक और ...और पढ़ें

गजरौला तिगरी मेले पर श्रद्धालुओं के ट्रैक्टरों की लगी लाइन। जागरण
HighLights
तिगरी गंगा मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।
मां गंगा के जयकारों के साथ स्नान पर्व शुरू हुआ।
संवाद सहयोगी, गजरौला (अमरोहा)। तिगरी गंगा मेले में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। गंगा स्नान और मेले में डेरा जमाने के लिए श्रद्धालु बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रालियों से तिगरी पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते गजरौला-फाजलपुर रेलवे फाटक पर ट्रैक्टरों की लंबी कतार लग गई, जिससे जाम की स्थिति बन गई।
वहीं कुमराला चौकी पर भी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी लाइन देखने को मिली। श्रद्धालुओं के वाहन तिगरी के मुख्य गेट से होते हुए मोहरका गांव के रास्ते और ढाल नंबर छह से होकर मेले में प्रवेश कर रहे हैं। सड़क पर दूर-दूर तक ट्रैक्टरों की कतारें नजर आईं।

मेले के सेक्टर-14 में पहुंचने के बाद श्रद्धालु अपने-अपने लिए जगह घेरकर तंबू लगाने में जुट गए। ट्रैक्टरों की लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क हो गया है।
यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अमला मुस्तैद रहा। वहीं अनुज मलिक भी यातायात व्यवस्था संभालने में जुटे रहे, ताकि श्रद्धालुओं को मेले तक पहुंचने में अधिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
मां गंगा के जयकारों से गूंजे तिगरी के घाट
मां गंगा के जयकारों के साथ तिगरी गंगा मेले में स्नान का सिलसिला शुरू हो गया है। मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम जारी है, वहीं गंगा के विभिन्न घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाते नजर आए। घाटों पर गूंजते जय मां गंगे के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया।

सुबह होते ही गंगा घाटों पर स्नान करने वालों की चहल-पहल दिखाई देने लगी। बड़े-बुजुर्गों के साथ छोटे-छोटे बच्चे भी गंगा में स्नान करते और अठखेलियां करते नजर आए।
वहीं युवाओं की टोलियां घाट किनारे रेत में कबड्डी खेलकर मेले के उत्साह को बढ़ाती दिखीं। कहीं युवा कबड्डी में दमखम दिखा रहे थे तो कहीं बच्चे रेत में खेलते हुए नजर आए।

गंगा की पावन धारा में आस्था की डुबकी लगाने के साथ ही श्रद्धालुओं में मेले को लेकर खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। हालांकि अभी घाटों पर श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य है।
मगर, दो दिन बाद स्नान पर्व नजदीक आते ही घाटों पर भीड़ बढ़ने की उम्मीद है। तिगरी मेले में श्रद्धालु तंबू लगाकर डेरा डालने लगे हैं। आने वाले दिनों में मेले की रौनक और बढ़ेगी। मां गंगा के जयकारों के बीच तिगरी का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय होने लगा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।