विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Tigri Ganga Mela 2026: इस बार तिगरी मेले में दिखेंगी हाईटेक सुविधाएं, महिलाओं के लिए बनेंगे 260 चेंजिंग रूम और 1550 शौचालय

Published: Fri, 13 Nov 2026 10:34 PM (IST)

राजकीय तिगरी गंगा मेला 2026 को स्वच्छ और सुगम बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं, जिसमें ...और पढ़ें

गजरौला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिगरी के बाहर लगाए गए बिटाेरे। जागरण

गजरौला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिगरी के बाहर लगाए गए बिटाेरे। जागरण

HighLights

  1. 25 सेक्टरों में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गए हैं इंतजाम

जागरण संवाददाता, अमरोहा। राजकीय तिगरी गंगा मेला-2026 को स्वच्छ, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश सरकार के स्वच्छता विजन के अनुरूप इस बार मेला क्षेत्र में साफ-सफाई और जनसुविधाओं पर विशेष जोर दिया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 25 सेक्टरों में कुल 4,948 अस्थायी शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है।

इसके अलावा पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्नान घाटों पर चेंजिंग रूम और कचरा निस्तारण के भी इंतजाम किए जा रहे हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) नितिन कुमार ने बताया कि मेला क्षेत्र के सभी सेक्टरों में शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है।

 

कुल 4,948 शौचालयों में 1,848 एकल यूनिट वाले होंगे, जबकि 3,100 शौचालय क्लस्टर के रूप में बनाए जा रहे हैं। क्लस्टर शौचालयों में 1,550 महिलाओं और इतने ही पुरुषों के लिए आरक्षित रहेंगे।

दिव्यांग और बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 631 शौचालयों में विशेष व्यवस्था की जा रही है। महिला श्रद्धालुओं को गंगा स्नान के बाद कपड़े बदलने में परेशानी न हो, इसके लिए प्रत्येक घाट पर निकायों की ओर से कुल 260 चेंजिंग रूम तैयार कराए जा रहे हैं। प्रशासन का प्रयास है कि मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छता और सुविधाओं के लिए भटकना न पड़े।

दो शिफ्टों में होगी सफाई, हर शौचालय पर पानी और रोशनी का इंतजाम

शौचालयों की नियमित सफाई और रखरखाव के लिए केयरटेकर नामित किए जा रहे हैं। ठेकेदार की ओर से प्रत्येक शौचालय पर दो केयरटेकर लगाए जाएंगे, जो दिन और रात की अलग-अलग शिफ्टों में जिम्मेदारी संभालेंगे।

शौचालयों में पानी की उपलब्धता के लिए पास में ही नल लगाए जाएंगे। वहीं, रोशनी के लिए विद्युत विभाग की ओर से बल्ब और ट्यूबलाइट की व्यवस्था की जा रही है।

गंगा को प्रदूषण से बचाने के लिए गीले-सूखे कचरे का होगा अलग निस्तारण

मां गंगा को प्रदूषण से बचाने के लिए शौचालयों का निर्माण नदी से निर्धारित मानकों के अनुसार उचित दूरी पर कराया जा रहा है। मेला क्षेत्र में कूड़ा एकत्र करने के लिए सीएसआर फंड से 100 कूड़ेदान लगाए जाएंगे।

इसके अलावा दुकानदारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी अपने स्तर से कूड़ेदान रखने होंगे। मेले में निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्र करने के लिए पृथक कूड़ेदान रखे जाएंगे।

सफाई कर्मचारियों की मदद से कचरे का उचित निस्तारण कराया जाएगा। इससे मेला क्षेत्र में गंदगी फैलने से रोकने के साथ गंगा को प्रदूषण से बचाने में भी मदद मिलेगी।

मेला समाप्त होने के तीन दिन के भीतर होगी पूरे परिसर की सफाई

मेला संपन्न होने के बाद भी स्वच्छता व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने समयसीमा तय की है। डीपीआरओ नितिन कुमार ने बताया कि मेला समाप्त होते ही पूरे क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। अधिकतम तीन दिन के भीतर संपूर्ण मेला परिसर की सफाई कराई जाएगी, ताकि आयोजन के बाद भी क्षेत्र को स्वच्छ रखा जा सके।

यह भी पढ़ें- मिनी कुंभ जैसा नजारा! 600 हेक्टेयर में बसेगा तंबुओं का शहर, 40 लाख श्रद्धालुओं के स्वागत को तैयार तिगरी गंगा मेला

यह भी पढ़ें- तिगरी गंगा मेला 15 नवंबर से, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 10 दिन बंद रहेंगे बुध और शुक्र बाजार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।