तिगरी गंगा मेला 15 नवंबर से, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 10 दिन बंद रहेंगे बुध और शुक्र बाजार
अमरोहा में ऐतिहासिक तिगरी गंगा मेले के श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए 15 से 25 नवंबर तक साप्ताहिक बुध और शुक्र बाजार बंद रहेंगे।

ऐतिहासिक तिगरी मेला 16 नवंबर से शुरू।
HighLights
तिगरी गंगा मेले के कारण अमरोहा के बाजार बंद।
15 से 25 नवंबर तक साप्ताहिक बाजार रहेंगे बंद।
श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात सुचारु रखने हेतु निर्णय।
जागरण संवाददाता, अमरोहा। ऐतिहासिक तिगरी गंगा मेले में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए नगर के साप्ताहिक बुध और शुक्र बाजार 15 से 25 नवंबर तक बंद रहेंगे।
नगर पालिका प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। ईओ ललित कुमार आर्य ने बताया कि नगर में बुधवार को खाद गुर्जर चौराहे से भानपुर फाटक वाले सड़क तक साप्ताहिक बुध बाजार लगता है।
वहीं शुक्रवार को बस्ती में ललिता देवी मंदिर के आसपास से लेकर नगर पालिका के निकट तक शुक्र बाजार सजता है। इन दोनों बाजारों में आसपास के क्षेत्रों से हजारों दुकानदार सब्जी, फल, कपड़े, चावल, दाल, गुड़, शक्कर समेत विभिन्न सामानों की दुकानें लगाते हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लिया गया फैसला
खरीदारी के लिए नगर के साथ ही आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। बाजार लगने के दौरान इंदिरा चौक से खाद गुर्जर चौराहे तक जाम की स्थिति बन जाती है।
वहीं इन दिनों तिगरी गंगा मेले में श्रद्धालुओं का आवागमन भी बढ़ा हुआ है। ऐसे में बाजारों के कारण यातायात प्रभावित होने और श्रद्धालुओं को परेशानी से बचाने के लिए 15 से 25 नवंबर तक दोनों साप्ताहिक बाजार बंद रखने का निर्णय लिया गया है।