विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तिगरी मेला में कार्तिक चतुर्दशी पर गंगा किनारे होगा दीपदान, महाभारत काल से चली आ रही परंपरा का महत्व

Published: Sun, 22 Nov 2026 09:27 PM (IST)

तिगरी गंगा धाम में कार्तिक चतुर्दशी पर दिवंगत स्वजनों की आत्मा की शांति के लिए दीपदान किया जाएगा। यह महाभारत काल से चली आ रही एक प्राचीन धार्मिक परंपरा है।

तिगरी मेले का विहंगम दृश्य। फोटो- जागरण

तिगरी मेले का विहंगम दृश्य। फोटो- जागरण

HighLights

  1. तिगरी गंगा धाम में कार्तिक चतुर्दशी पर दीपदान होगा।

  2. दिवंगत स्वजनों की आत्मा की शांति हेतु यह परंपरा है।

  3. यह धार्मिक अनुष्ठान महाभारत काल से चला आ रहा है।

संवाद सहयोगी, तिगरीधाम (अमरोहा)। दिवंगत स्वजनों की आत्मा की शांति और उनके प्रति श्रद्धा निवेदित करने के लिए सोमवार को तिगरी गंगा धाम में दीपदान किया जाएगा। महाभारत काल से चली आ रही इस धार्मिक परंपरा के निर्वहन के लिए रविवार को कारीगर दिनभर दीपदान में प्रयोग होने वाली कंडी तैयार करने में जुटे रहे।

रविवार को तिगरी गंगा मेले में दीपदान के लिए कंडी तैयार करने का कार्य चलता रहा। सोमवार को घाटों पर दीपदान कराने के लिए पुरोहितों की भी व्यवस्था रहेगी। श्रद्धालु पुरोहितों के सानिध्य में विधि-विधान से दीपदान करेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर घाटों पर पुलिस बल तैनात रहेगा।

कार्तिक चतुर्दशी पर किया जाएगा दीपदान

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और नदी में किसी अनहोनी से बचाव के लिए गोताखोर भी मुस्तैद रहेंगे। इस बार 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य स्नान होगा। इससे एक दिन पूर्व सोमवार को कार्तिक चतुर्दशी पर दीपदान की परंपरा निभाई जाएगी।

कार्तिक चतुर्दशी और पूर्णिमा पर दान-पुण्य का भी विशेष महत्व माना जाता है। मान्यता है कि इन तिथियों पर दान करने से परिवार में सुख-समृद्धि आती है और मन को आध्यात्मिक शांति मिलती है।

तिगरी निवासी पंडित गंगासरन शर्मा बताते हैं कि हिंदू धर्म में दिवंगत स्वजनों की स्मृति में कार्तिक चतुर्दशी पर दीपदान करने की प्राचीन परंपरा है। यह परंपरा महाभारत काल से चली आ रही है और श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ इसका निर्वहन करते हैं।

आस्था, परंपरा और संस्कृति का अद्भुत संगम

तिगरी मेले में कार्तिक पूर्णिमा का गंगा स्नान सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है। भोर होते ही श्रद्धालु गंगा में आस्था की डुबकी लगाते हैं। घाटों पर गंगा आरती, पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय हो जाता है। मेले में ग्रामीण संस्कृति की झलक भी देखने को मिलती है। कहीं चूल्हों पर खिचड़ी पकती है तो कहीं परिवार एक साथ बैठकर भोजन करते हैं।

आधुनिक सुविधाओं और बदलते स्वरूप के बावजूद मेले की पारंपरिक पहचान कायम है। तिगरी का यह आयोजन बताता है कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए गंगा स्नान केवल एक धार्मिक क्रिया नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही आस्था, पारिवारिक परंपरा और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर है।

यह भी पढ़ें- तिगरी गंगा मेले और ब्रजघाट में कार्तिक पूर्णिमा स्नान लेकर डायवर्जन लागू, सिर्फ इन वाहनों को मिलेगी छूट

यह भी पढ़ें- 'चलो कुंती पुत्रों, तिगरी धाम चलें', महाभारत युद्ध के बाद पांडवों के साथ आए थे श्रीकृष्ण; कराया था खास अनुष्ठान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।