उत्तर भारत का प्रसिद्ध तिगरी मेला: सजने लगे झूले, कोतवाली में बनेगा कंट्रोल रूम, टेंट में रुकेंगे पुलिसवाले
उत्तरी भारत के प्रसिद्ध तिगरी गंगा मेले की तैयारियां तेजी से चल रही हैं, जिसमें झूले लगाने और बिजली का ...और पढ़ें

अमरोहा का तिगरी मेला।
HighLights
मेले में श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए झूले लगने शुरू।
बिजली ठेकेदार पहुंचा, मेले में लाइनें बिछाने का काम जारी।
पुलिस अधिकारियों के लिए टेंट, कंट्रोल रूम का निर्माण जारी।
संवाद सहयोगी, गजरौला (अमरोहा)। उत्तरी भारत के प्रसिद्ध तिगरी गंगा मेले की तैयारियां अब तेजी पकड़ने लगी हैं। गंगा की रेती में लगने वाले मेले में श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए झूले लगाने का काम शुरू हो गया है। झूलों का ढांचा खड़ा कर लिया गया है।
वहीं, बिजली का ठेकेदार भी सामान लेकर पहुंच गया है और मेले में बिजली की लाइनें बिछाने का काम शुरू कर दिया गया है। उधर, मेला स्थल पर सड़क निर्माण, सड़कों पर कांस और पूले बिछाने तथा सेक्टर बनाने का काम भी तेजी से चल रहा है।
15 नवंबर तक पूरी होंगी तैयारियां
सेक्टर एक से लेकर 17 तक सड़कों को तैयार किया जा चुका है। जैसे-जैसे मेला नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे तैयारियों को अंतिम रूप देने में विभागीय अधिकारी और कर्मचारी जुटे हुए हैं। मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। कोतवाली परिसर में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के ठहरने के लिए टेंट लगाए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों और जवानों के ठहरने के लिए लगेंगे टेंट
बाहर से ड्यूटी पर आने वाले इंस्पेक्टरों के लिए 30 और सीओ के लिए 28 तंबू लगाए जाएंगे। इसके अलावा तीन महिला बैरक, सात सिपाहियों के लिए बैरक, पीएसी के लिए पांच बैरक, घुड़सवार पुलिस के लिए एक बैरक और एक फ्लैट कंपनी के लिए भी बैरक तैयार की जा रही है।
कोतवाली परिसर में कंट्रोल रूम बनाने के लिए स्थान चिह्नित कर लिया गया है। यहां टेंट लगाकर कंट्रोल रूम तैयार किया जा रहा है, जहां से मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी।
हर साल लाखों श्रद्धालु आते हैं गंगा स्नान के लिए
तिगरी गंगा मेले में हर साल लाखों की संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में प्रशासन की ओर से सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कराने पर जोर दिया जा रहा है। तैयारियों को 15 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। गुरुवार को जिलाधिकारी के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को समय से सभी व्यवस्थाएं पूरी कराने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद से संबंधित विभागों ने काम में तेजी ला दी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।