तिगरी मेला में गंगा घाटों पर उमड़ेगा आस्था का सैलाब, कार्तिक पूर्णिमा स्नान में पहुंचेंगे 30 लाख श्रद्धालु
अमरोहा के तिगरीधाम में कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए 30 लाख श्रद्धालु गंगा तट पर उमड़ पड़े हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण सड़कों पर भीषण जाम लग गया है।

तिगरी गंगा मेले में रात के समय रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाते झूले और मौत का कुआं। फोटो जागरण
HighLights
कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए तिगरीधाम में भारी भीड़ उमड़ी।
30 लाख श्रद्धालु गंगा तट पर पहुंचे, 40 लाख की उम्मीद।
श्रद्धालुओं की भीड़ से सड़कों पर भीषण जाम की स्थिति।
जागरण संवाददाता, अमरोहा। पतित पावनी मां गंगा के तट पर स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं का रेला उमड़ पड़ा। 30 लाख श्रद्धालु का पड़ाव तिगरीधाम पर हो गया है। मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा का स्नान है। भोज से ही स्नान का सिलसिला शुरू होगा। लगातार श्रद्धालुओं का रेला गंगाधाम की तरफ उमड़ रहा है। उनकी संख्या और बढ़ती जा रही है।
आस्था की भीड़ के आगे सड़कों की चौड़ाई कम हो गई है और भीषण जाम की स्थिति बन गई है। इस सबके बीच श्रद्धालु हर-हर गंगे के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते जा रहे हैं। मां गंगा के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। उधर, पुलिस-प्रशासन भी पूरी तरह से अलर्ट है और उसने मजबूत तैयारियों के साथ हर घाट की निगरानी का निर्णय लिया है।
35 से 40 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना
हर साल कार्तिक पूर्णिमा पर मुख्य स्नान के लिए श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। इस बार प्रशासन ने 35 से 40 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई है। मंगलवार की पूर्व संध्या पर 30 लाख श्रद्धालुओं का सैलाब तिगरीधाम पर पहुंचने की बात कही जा रही है। क्योंकि बहुत ज्यादा श्रद्धालु ऐसे भी हैं जो, दीपदान करने के बाद स्नान करते हैं।
-1795444937056.webp)
श्रद्धालु दो पहिया, चार पहिया और टैक्टर-ट्रॉलियों के जरिये मेला स्थल पर पहुंच रहे हैं। वाहनों का सड़कों पर भार बढ़ते ही पुलिस ने मुख्य रास्ते पर प्रवेश बंद कर दिया है। मोहरका पट्टी गांव की तरफ को डायवर्ट शुरू कर दिया। ऐसी स्थिति में तिगरी गांव के द्वार से लेकर गांव शाहपुर उर्फ साहबपुर तक जाम लगा हुआ है। जिससे निपटने के लिए पुलिस भी काफी मशक्कत करते हुए नजर आई।
तिगरी से कुमराला गांव तक लगा भीषण जाम
सोमवार को श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ पड़ा। दोपहर करीब दो बजे से श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़नी शुरू हुई और देखते ही देखते तिगरी मार्ग से लेकर कुमराला गांव तक जाम की स्थिति बन गई। भीड़ का दबाव बढ़ने पर पुलिस ने तिगरी मार्ग पर वाहनों को रोककर पार्किंग में खड़े करने के निर्देश दिए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वीआईपी पास की व्यवस्था भी बंद कर दी।

दीपदान के लिए घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने से मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम का असर कुमराला गांव तक पहुंच गया, जिसमें रोडवेज बसें भी फंस गईं।
बसों में सवार यात्रियों और अन्य श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। यातायात पुलिस लगातार जाम खुलवाने और वाहनों को व्यवस्थित तरीके से निकालने में जुटी रही, लेकिन श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती भीड़ के चलते जाम की स्थिति बनी रही।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।