अमरोहा के तिगरी गंगा मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब, रंग-बिरंगी रोशनी में तंबुओं की नगरी का नजारा देख आप भी कह उठेंगे वाह!
अमरोहा का तिगरी गंगा मेला आस्था, संस्कृति और भव्यता का अद्भुत संगम बन गया है, जहाँ श्रद्धालु गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य कमा रहे हैं। मेले में तंबुओं की नगरी, मंत्रोच्चार और रंग-बिरंगी रोशनी से सजी शामें श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही हैं।

गजरौला मेले में लाइटों से जगमगाते झूले बाजार में लगी भीड़। जागरण
HighLights
मंत्रों की गूंज तो कहीं श्रद्धा का चल रहा श्रद्धा का आचमन
बढ़ता जा रहा श्रद्धालुओं का कारवां, हिलोरे मार रही आस्था
राहुल शर्मा, अमरोहा। गंगा की रेती पर दूर-दूर तक फैली तंबुओं की नगरी, वातावरण में गूंजते मंत्रोच्चार, घाटों पर उमड़ती श्रद्धालुओं की भीड़ और शाम ढलते ही रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाता मेला धाम...। तिगरी गंगा मेला इन दिनों आस्था, संस्कृति और भव्यता का अद्भुत संगम बन गया है। यहां गंगा की लहरों के साथ श्रद्धा भी हिलोरें ले रही है।
दुनिया भर की भागदौड़ और चिंताओं को पीछे छोड़कर श्रद्धालु मां गंगा के आंचल में सुकून और पुण्य की तलाश में पहुंच रहे हैं। दिन चढ़ने के साथ श्रद्धालुओं का कारवां भी लगातार बढ़ता जा रहा है।

तिगरी मेला धाम में हर तरफ अलग ही रौनक दिखाई दे रही है। विभिन्न सेक्टरों में तंबुओं की छोटी-छोटी नगरी बस चुकी है। कहीं साधु-संतों के शिविर सजे हैं तो कहीं परिवारों के साथ पहुंचे श्रद्धालुओं की चहल-पहल है।
भोर होते ही गंगा के घाटों पर आस्था का नजारा देखने को मिलता है। श्रद्धालु हर-हर गंगे के जयकारों के बीच पवित्र जल में डुबकी लगाते हैं। मंत्रोच्चार के साथ मां गंगा का आचमन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं।

दोपहर तक घाटों पर स्नान करने वालों की भीड़ बनी रहती है। बच्चे और युवा गंगा की रेती पर खेलते और पानी में अठखेलियां करते नजर आते हैं। दिन ढलते ही मेले की खूबसूरती और बढ़ जाती है।
घाटों से लेकर सदर गेट तक रंग-बिरंगी रोशनी की चमक मेले को अलग ही आकर्षण प्रदान करती है। झूलों और मनोरंजन के अन्य साधनों पर जगमगाती लाइटें मेलार्थियों को अपनी ओर खींच रही हैं।

धार्मिक आस्था के साथ मनोरंजन और पारिवारिक मेल-मिलाप का यह संगम मेले की रौनक को और बढ़ा रहा है। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन भी व्यवस्थाओं को लेकर सक्रिय है।
प्रत्येक सेक्टर में मजिस्ट्रेट और पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं को शिविरों तक पहुंचाने, शांति व्यवस्था बनाए रखने और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। गंगा के गहरे स्थानों पर लाल झंडे और बैरिकेडिंग कराई गई है। साफ-सफाई के लिए भी कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
तिगरी गंगा मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। गहरे स्थानों पर लाल फ्लैग और बैरिकेडिंग कराई गई है। प्रत्येक सेक्टर में साफ-सफाई के लिए कर्मचारियों की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है।
- डाॅ. नितिन गौड़, जिलाधिकारी, अमरोहा।
यह भी पढ़ें- अमरोहा के इस युवक ने दिल्ली में मचाया धमाल, 4 दिन में बेच डाले 1,579 पैकेट नमकीन, बड़े मॉल से मिले ऑफर!