विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमरोहा के इस युवक ने दिल्ली में मचाया धमाल, 4 दिन में बेच डाले 1,579 पैकेट नमकीन, बड़े मॉल से मिले ऑफर!

Published: Mon, 23 Nov 2026 12:53 PM (IST)

अमरोहा के उद्यमी फैसल पाशा ने दिल्ली के व्यापार मेले में अपने नमकीन और भुजिया से धूम मचाई, चार दिनों में 1,579 पैकेट बेचे। उन्हें बड़े मॉल्स और डीलरों से व्यापार विस्तार के कई प्रस्ताव मिले हैं।

दिल्ली के भारत मंडपम में उद्यमी फैसल पाशा को प्रोत्साहित करने पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल  सौ. सूचना विभाग

दिल्ली के भारत मंडपम में उद्यमी फैसल पाशा को प्रोत्साहित करने पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल सौ. सूचना विभाग

HighLights

  1. मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल ने स्टाल पर पहुंचकर बढ़ाया फैसल का हौसला

जागरण संवाददाता, अमरोहा। प्रदेश सरकार की एक जनपद एक व्यंजन (ओडीओसी) योजना उद्यमियों के लिए नई उड़ान का जरिए बन गई है। इसका प्रमाण प्रमाण नई दिल्ली के भारत मंडपम (प्रगति मैदान) में चल रहे 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में देखने को मिल रहा है।

यहां जनपद के कस्बा जोया निवासी उद्यमी फैसल पाशा के पुश्तैनी नमकीन और भुजिया ने देशभर के ग्राहकों को दीवाना बना दिया है। फैसल ने शुरुआती चार दिनों में ही कुल 1,579 पैकेट बेचकर बड़ी सफलता दर्ज की है।

मेला के पहले दिन 300, दूसरे दिन 340, तीसरे दिन 440 व चौथे दिन रिकार्ड 499 पैकेट बिके और अधिकतम बिक्री 44,700 रुपये तक पहुंच गई। सरकार ने ओडीओसी योजना के तहत स्टाल शुल्क पर 75 प्रतिशत की सब्सिडी प्रदान की है।

हाल नंबर दो स्थित यूपी पवेलियन के ओडीओसी खंड में स्टाल नंबर 27 के कुल 1,77,000 रुपये के शुल्क में से सरकार ने 1,32,750 रुपये की सब्सिडी दी है, जबकि फैसल पाशा को केवल 25 प्रतिशत यानी 44,250 रुपये का अंशदान जमा करना पड़ा।

उद्यमी के मुताबिक- कारोबारी स्तर पर इंदिरापुरम के एक माल के प्रबंधक ने स्टाल पर पहुंचकर बिक्री पर मार्जिन के आधार पर निश्शुल्क स्पेस देने की पेशकश की है।

इसके अलावा दिल्ली के दो-तीन अन्य माल के साथ रागी व अन्य उत्पादों की व्हाइट लेबलिंग के ऑर्डर पर बातचीत अंतिम दौर में है। मेले में दो-तीन बीटूबी डीलरों के साथ ही दिल्ली के विभिन्न इलाकों से फ्रेंचाइजी लेने के इच्छुक कारोबारियों ने भी संपर्क कर अपने कार्ड साझा किए हैं, जिससे नियमित व्यापार के नए रास्ते खुलने की प्रबल संभावना बन गई है।

मिलेट्स के चार नए ''विंटर स्पेशल'' फ्लेवर और आयल-फ्री स्वाद का जादू

फैसल पाशा इस बार मोटे अनाज (मिलेट्स) पर आधारित चार नए ''विंटर स्पेशल'' बेक्ड फ्लेवर लेकर पहुंचे हैं। इनमें ज्वार पुदीना, चटपटा बाजरा, पैरी-पैरी सोया और चीजी रागी शामिल हैं, जिनमें सबसे अधिक मांग ज्वार, बाजरा और रागी की बनी हुई है।

इसके साथ ही अजवाइन, मिंट-चिली, हींग-जीरा और काली मिर्च जैसे चार पुराने पारंपरिक फ्लेवर और आकर्षक गिफ्ट हैंपर भी ग्राहकों को लुभा रहे हैं। इन उत्पादों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इन्हें पाम ऑयल के बजाय शुद्ध मूंगफली के तेल में तैयार किया जाता है।

इसके बाद ''हाफ फ्राई व हाफ बेक्ड'' तकनीक से अतिरिक्त तेल पूरी तरह निकाल दिया जाता है। ऑयल-फ्री एहसास और अनूठे टेक्सचर के कारण ही लोग स्वाद चखते ही इसकी खरीदारी कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- अमरोहा से पंजाब-हरियाणा तक जुड़े थे नकली कैप्सूल के तार, गैस-अल्सर की दवा में भरा था बेअसर पाउडर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।