विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमरोहा से पंजाब-हरियाणा तक जुड़े थे नकली कैप्सूल के तार, गैस-अल्सर की दवा में भरा था बेअसर पाउडर

Published: Sat, 21 Nov 2026 07:52 PM (IST)

अमरोहा में नकली कैप्सूल बेचने का बड़ा रैकेट सामने आया है, जिसके तार उत्तर प्रदेश से हरियाणा और पंजाब तक फैले हैं। गैस-अल्सर की दवा डीएच रेब डीएसआर कैप्सूल में निष्क्रिय पाउडर मिला, जिसके बाद 17 लोगों के खिलाफ कोर्ट में परिवाद दायर किया गया है।

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. पांच रुपये में बेचे जा रहे थे कैप्सूल, दवा के नाम पर लोगों की सेहत से हो रहा था खिलवाड़

जागरण संवाददाता, अमरोहा। पड़ोसी जनपद मुरादाबाद में नकली दवाओं का भंडाफोड़ होने के बाद अमरोहा का नाम एक बार फिर चर्चा में आ गया है। हालांकि, नकली दवाओं के कारोबार से अमरोहा का नाम जुड़ने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी जिले में नकली कैप्सूल की बिक्री का राजफाश हो चुका है।

औषधि विभाग की जांच में इस मामले के तार उत्तर प्रदेश से लेकर हरियाणा और पंजाब तक जुड़े मिले थे। जांच की आंच में चार फर्म आ गई थीं। पांच रुपये में नकली कैप्सूल बेचकर दवा के सौदागर लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर रहे थे।

मामले में विभाग ने 17 लोगों को आरोपित बनाते हुए सीजेएम कोर्ट में परिवाद दायर कराया था। मामला पेट में गैस और अल्सर जैसी समस्याओं के उपचार में इस्तेमाल होने वाले डीएच रेब डीएसआर कैप्सूल से जुड़ा था।

जांच में सामने आया था कि कैप्सूल में उपचार के लिए जरूरी रैबेप्रैजोल सोडियम और डोम्पेरिडोन साल्ट मौजूद नहीं थे। इसके स्थान पर ऐसा निष्क्रिय पाउडर मिला था, जिससे मरीज को कोई चिकित्सीय लाभ नहीं मिल सकता था।

यह था मामला

औषधि निरीक्षक रुचि बंसल ने 29 जुलाई 2025 को टीम के साथ डिडौली क्षेत्र के सिनौरा रोड स्थित हनफी मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया था।

इस दौरान पेट में गैस और अल्सर आदि की समस्या में इस्तेमाल होने वाले डीएच रेब डीएसआर कैप्सूल का नमूना लेकर जांच के लिए लखनऊ स्थित प्रयोगशाला भेजा गया था।

नवंबर में जांच रिपोर्ट औषधि विभाग को प्राप्त हुई। इसमें कैप्सूल के नकली होने की पुष्टि हुई थी। जांच में पता चला कि कैप्सूल में रैबेप्रैजोल सोडियम और डोम्पेरिडोन साल्ट मौजूद नहीं थे। जबकि, ये दोनों साल्ट उपचार के लिहाज से जरूरी होते हैं।

कैप्सूल में भरा पाउडर भी जांच में निष्क्रिय पाया गया। यानी इसके सेवन से मरीज को कोई चिकित्सीय लाभ नहीं मिल सकता था। रिपोर्ट मिलने के बाद औषधि विभाग ने अमरोहा में इस दवा की बिक्री तत्काल प्रतिबंधित कर दी थी।

ऐसे जुड़ते गए एक के बाद एक तार

जांच के दौरान हनफी मेडिकल स्टोर के संचालक से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि कैप्सूल मुजफ्फरनगर के सुजरू रोड, जामियानगर स्थित एम/एस अमन मेडिकल एजेंसी से खरीदे थे।

इसके बाद औषधि विभाग ने अमन मेडिकल एजेंसी के संचालक से पूछताछ की। उसने बताया कि कैप्सूल की खरीद हरियाणा के सोनीपत स्थित एम/एस हेल्थकेयर से की गई थी।

इसके बाद जांच टीम ने एम/एस हेल्थकेयर से जानकारी जुटाई तो निर्माता कंपनी का नाम सामने आया। यह कंपनी पंजाब के मोहाली स्थित इंडस्ट्रियल एरिया फेज-9 में संचालित एम/एस स्टेविल्स फार्मास्यूटिकल्स लिमिटेड थी।

औषधि विभाग ने निर्माता कंपनी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था, लेकिन कंपनी की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। इस तरह जांच में अमरोहा के मेडिकल स्टोर से शुरू हुई कड़ी मुजफ्फरनगर, सोनीपत और मोहाली तक पहुंच गई।

मामले में अमरोहा, मुजफ्फरनगर, हरियाणा की सोनीपत स्थित फर्म और पंजाब की निर्माता कंपनी को आरोपित बनाया गया। विभाग ने संबंधित फर्मों के संचालकों, पार्टनर, निर्माता कंपनी के डायरेक्टर और पार्टनर समेत कुल 17 लोगों के खिलाफ सीजेएम कोर्ट में परिवाद दायर कराया था।

 

नकली कैप्सूल की बिक्री के मामले में मेडिकल स्टोर, मेडिकल एजेंसी के संचालकों और उनके पार्टनर के अलावा निर्माता कंपनी के डायरेक्टर व पार्टनर समेत 17 लोगों को आरोपित बनाया गया था। इस मामले में न्यायालय में परिवाद दायर कराया गया है और प्रकरण विचाराधीन है। नकली दवाओं की बिक्री गंभीर अपराध है। इसमें उम्रकैद तक की सजा का प्रविधान है।

- रुचि बंसल, औषधि निरीक्षक।


यह भी पढ़ें- हरिद्वार गंगा एक्सप्रेस-वे: अमरोहा के किसानों को सर्किल रेट से चार गुणा अधिक मिलेगा मुआवजा, लखनऊ भेजा प्रस्ताव

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।