विधायक के फॉर्म हाउस पर गैंगरेप केस: CRPF इंस्पेक्टर और दारोगा की जमानत अर्जी पर आज सुनवाई, बिजनौर जेल में हैं आरोपित
विधायक उमेश कुमार के फार्म हाउस पर सामूहिक दुष्कर्म मामले में आरोपित सीआरपीएफ निरीक्षक लालाराम यादव और दारोगा संजय तोमर ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
विधायक के फार्म हाउस पर सामूहिक दुष्कर्म का मामला।
सीआरपीएफ निरीक्षक व दारोगा की जमानत अर्जी पर सुनवाई।
सिपाही प्रमोद कुमार की अर्जी पर फैसला सुरक्षित।
जागरण संवाददाता, अमरोहा। विधायक उमेश कुमार के फार्म हाउस पर हरियाणा की युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में आरोपित सीआरपीएफ के निरीक्षक लालाराम यादव और हसनपुर कोतवाली में तैनात दारोगा संजय तोमर की जमानत अर्जी पर मंगलवार (आज) को सुनवाई होगी। जबकि अदालत ने आरोपित सिपाही प्रमोद कुमार की जमानत अर्जी पर शनिवार को सुनवाई पूरी कर ली है। जिसका फैसला सुरक्षित रखा गया है।
22 सितंबर 2026 की रात को हुआ था गैंगरेप
दरअसल 22 सितंबर 2026 की रात को हरियाणा के फतेहाबाद निवासी युवती ने हसनपुर के गांव झुलपुरी स्थित उत्तराखंड के खानपुर से विधायक उमेश शर्मा के फॉर्म हाउस पर ले जाकर सीआरपीएफ के हेड कॉन्स्टेबल मोहित, निरीक्षक लालाराम यादव, हसनपुर कोतवाली में तैनात दारोगा संजय तोमर और सिपाही प्रमोद कुमार पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। पीड़िता की तहरीर पर चारों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी। फिलहाल चारों आरोपित बिजनौर जेल में बंद हैं। इस मामले में बाद में विवेचना के दौरान एससी-एसटी एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई थीं।
सिपाही प्रमोद कुमार की जमानत अर्जी पर शनिवार को सुनवाई हुई पूरी
एडीजीसी मनोज सक्सेना ने बताया कि सीआरपीएफ के निरीक्षक लालाराम यादव और दारोगा संजय तोमर के अधिवक्ताओं ने दोनों की जमानत अर्जी दायर की हैं। जिन पर मंगलवार (आज) को सुनवाई होगी। उधर सिपाही आरोपित सिपाही प्रमोद कुमार की ओर से अधिवक्ता कपिल चिकारा ने दूसरी जमानत अर्जी दाखिल की थी। बताया कि शनिवार को अदालत प्रमोद की अर्जी पर सुनवाई पूरी कर फैसला सुरक्षित रख लिया है।