स्टंट करने से मना करने पर मैकेनिक की हत्या, अमरोहा में बाइक सवारों ने गला दबाकर मार डाला
अमरोहा के दढियाल गांव में मामूली कहासुनी के बाद बाइक सवार दो युवकों ने एक मैकेनिक निजामुद्दीन की गला दबाकर ...और पढ़ें

निजामुद्दीन का फाइल फोटो।
HighLights
अमरोहा के दढियाल गांव में मैकेनिक की हत्या
बाइक कट मारने पर हुए विवाद में गला दबाया
पुलिस जांच में जुटी, जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन
संवाद सूत्र, हसनपुर (अमरोहा)। आदमपुर थाना क्षेत्र के दढियाल गांव में मामूली कहासुनी के बाद बाइक सवार दो युवकों ने बाइक मिस्त्री 30 वर्षीय निजामुद्दीन की पीट-पीट कर गला दबाकर हत्या कर दी। गृहस्वामी की हत्या से परिवार में चीत्कार मचा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना शनिवार रात करीब नौ बजे की है। बाइक मिस्त्री कान में दर्द होने पर गांव में ही क्लीनिक संचालक के पास दवाई लेने जा रहे थे। रास्ते में ख्वाजेपुर से दढ़ियाल में रामलीला देखने आए बाइक सवार दो युवकों ने पैदल चल रहे बाइक मिस्त्री के आगे आकर बाइक से कट मार दिया।
आरोपितों ने गला दबाकर मार दिया युवक
बाइक मिस्त्री ने नाराजगी प्रकट करते हुए कहा कि बाइक देखकर नहीं चलाई जाती है क्या। इतना सुनकर आरोपित बाइक मिस्त्री से भिड़ गए। मारपीट करने के साथ ही जोर से उसका गला दबा दिया। जिससे वह बेहोश होकर सड़क पर गिर गए और आरोपित वहां से फरार हो गए। सूचना मिलते ही स्वजन मौके पर पहुंच गए और आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए संभल अस्पताल ले जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। निजामुद्दीन ने अपने पीछे पत्नी जरीशा, दो मासूम बेटी और एक बेटे को छोड़ा है।
यह भी पढ़ें- अलीगढ़: जेब में फटा iPhone, उपभोक्ता आयोग ने कहा- नया फोन दो या पैसे वापस करो
यह भी पढ़ें- अलीगढ़ में आढ़ती से 14 लाख की लूट, पांच नकाबपोश बदमाशों ने मारपीट कर बाइक भी छीनी
जल्द गिरफ्तार होंगे आरोपित
सीओ पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि हत्या के मामले में जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का राजफाश किया जाएगा।
