Panchayat Election 2026: अमरोहा में जिला और क्षेत्र पंचायत के बदलेंगे वार्ड, 576 पंचायतों में ही होगा चुनाव
अमरोहा में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। अमरोहा नगर पालिका के सीमा विस्तार में 21 पंचायतें शामिल होने से इस बार 576 पंचायतों में ही चुनाव होगा। सैदनगली नगर पंचायत के गठन में चार पंचायतें शामिल हुई हैं। परिसीमन के बाद जिला व क्षेत्र पंचायत के वार्डों में फेरबदल होगा। वर्ष 2026 में चुनाव प्रस्तावित है।

जागरण संवाददाता, अमरोहा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शासन ने ग्राम पंचायतों के वार्डों का परिसीमन करने के आदेश जारी किए हैं। परिसीमन में जिला व क्षेत्र पंचायतों के वार्डों में फेरबदल होना लाजमी है। क्योंकि, नगर पालिका अमरोहा के सीमा विस्तारित क्षेत्र में 21 पंचायतें व नगर पंचायत सैदनगली के गठन में पांच पंचायतें शामिल हुई हैं। उनमें इस बार पंचायत चुनाव नहीं होगा। इन पंचायतों की वजह से जिला पंचायत के दो व क्षेत्र पंचायत के करीब 20 वार्ड प्रभावित हुए हैं।
वर्ष 2026 में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का होना प्रस्तावित हैं। जिसकी तैयारियों का कार्य शुरू हो गया है। जिला पंचायत में वार्डों की संख्या 29 है जबकि, छह ब्लाकों में क्षेत्र पंचायत के वार्डों की संख्या 683 है। वर्ष 2021 में 601 ग्राम पंचायतों में प्रधान पद का चुनाव हुआ था लेकिन, इस बार 576 पंचायतों में चुनाव होगा। क्योंकि, अमरोहा पालिका के सीमा विस्तारित क्षेत्र में पंचायती राज विभाग की 21 पंचायतों के 42 गांव शामिल हो गए हैं। जिसके चलते जिला पंचायत के दो वार्डों के दर्जनभर से अधिक गांव कट गए हैं।
क्षेत्र पंचायत के दर्जनभर से अधिक वार्ड प्रभावित हुए हैं। सैदनगली नगर पंचायत के गठन में चार पंचायत सम्मिलित हुई हैं। उससे क्षेत्र पंचायत के वार्डों में भी बदलाव होना लाजमी है। इसकी पूरी तस्वीर तब साफ होगी जब परिसीमन की कार्रवाई पूर्ण होगी। पंचायती राज विभाग जिपं व क्षेत्र पंचायतों के वार्डों से संबंधित ब्योरा जुटाने में लग गया है। परिसीमन के लिए डीएम की अध्यक्षता में कमेटी गठित की गई है।
जिले में नहीं होगा किसी भी पंचायत का पुनर्गठन
शासन ने नगर पालिका व नगर पंचायतों के सीमा विस्तारित क्षेत्रों में आंशिक रूप से शामिल पंचायतों के पुनर्गठन के निर्देश दिए हैं। लेकिन, जिले में कोई भी पंचायत शहरी क्षेत्र में आंशिक रूप से सम्मिलित नहीं हुई है। जिसकी वजह से किसी भी पंचायत के क्षेत्र में कोई परिवर्तन नहीं होगा। न ही किसी के पुनर्गठन की कार्रवाई होगी।
ये है क्षेत्र पंचायत के वार्डों की मौजूदा स्थिति
ब्लाक का नाम क्षेत्र पंचायत के वार्डों की संख्या
- अमरोहा 117
- गजरौला 94
- गंगेश्वरी 112
- धनौरा 100
- हसनपुर 96
- जोया 164
जिले में किसी पंचायत का पुनर्गठन कार्य नहीं होगा। परिसीमन की कार्रवाई अवश्य होगी। जिसमें जिला व क्षेत्र पंचायत के वार्डों में निश्चित कुछ फेरबदल होगा। उनकी संख्या बढ़ भी सकती है और घट भी सकती है। परिसीमन के बाद ही स्थिति साफ होगी। पारूल सिसौदिया, डीपीआरओ
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।