Amroha News: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल
Amroha News | UP News | अमरोहा के पास हाईवे पर एक दर्दनाक हादसे में एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी जिससे पति की मौत हो गई और पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतक छत्रपाल सिंह अपनी पत्नी के साथ ब्रजघाट से स्नान करके लौट रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जागरण संवाददाता, अमरोहा। हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से पति की मौत हो गई तथा पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शनिवार दोपहर यह हादसा हाईवे पर डिडौली कोतवाली क्षेत्र में जिवाई चौकी के पास हुआ। मुरादाबाद जिले के थाना डिलारी क्षेत्र के कुआंखेड़ा माफी गांव निवासी 55 वर्षीय किसान छत्रपाल सिंह अपनी पत्नी सुशीला देवी के साथ अमावस्या के मौके पर स्नान करने ब्रजघाट आए थे।
बाइक सवार दंपती जब जिवाई चौकी के सामने पहुंचे तो पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हालांकि छत्रपाल सिंह हेलमेट भी लगाए हुए थे। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को चौधरपुर स्थित निजी अस्पताल जीवन-24 में भर्ती कराया।
जहां चिकित्सकों ने छत्रपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया। उनकी पत्नी सुशीला देवी का उपचार अस्पताल में जारी है। मृतक किसान छत्रपाल सिंह दो भाइयों में दूसरे नंबर के थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा चार बेटे और एक बेटी है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक हरीशवर्धन सिंह ने बताया कि स्वजन की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।