विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हसनपुर में 45 किमी तक बहती है आस्था की गंगा: पौरारा और पूठधाम मेले आज से शुरू, उमड़ेंगे 5 लाख श्रद्धालु

Published: Sat, 21 Nov 2026 07:26 PM (IST)

हसनपुर तहसील में कार्तिक पूर्णिमा पर पौरारा और पूठधाम सतैड़ा गंगा घाटों पर मेले शुरू हो रहे हैं, जहाँ 5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है।

आस्था का सैलाब: गजरौला के तिगरी गंगा घाट पर स्नान करते श्रद्धालु। नितिन उपमन्यु

आस्था का सैलाब: गजरौला के तिगरी गंगा घाट पर स्नान करते श्रद्धालु। नितिन उपमन्यु

HighLights

  1. पौरारा और पूठधाम सतैड़ा में लगते मेले, 12 अन्य घाटों पर भी श्रद्धालु लगाते आस्था की डुबकी

राशिद चौधरी, हसनपुर (अमरोहा)। गंगा की गोद में बसे हसनपुर तहसील क्षेत्र के श्रद्धालुओं का गंगा से मां बेटे जैसा पवित्र रिश्ता है। मोक्षदायिनी मां गंगा अपने भक्तों पर विशेष कृपा रखती हैं। गंगा की पवित्र रेती पर क्षेत्र के हजारों किसान खेती करके परिवारों का पेट भर रहे हैं। वहीं, सुबह शाम गंगा में स्नान करके दिन भर गंगा जल पीने के बाद खेतों में काम भी करते हैं।

कार्तिक पूर्णिमा पर जहां दूर-दूर से श्रद्धालु किराया खर्च करके व रोजमर्रा का कामकाज बंद कर गंगा के पावन तट पर पहुंचते हैं। यहां के श्रद्धालु अपने गांवों के सामने नजदीकी घाटों पर पहुंचकर गंगा में डुबकी लगाकर आस्था को पूरा कर लेते हैं।

तहसील क्षेत्र में ब्रजघाट से हरिबाबा धाम तक करीब 45 किलोमीटर लंबे एरिया में मां गंगा की अमृत एवं अविरल धारा बह रही है। गंगा की गोद में बसे हुए हसनपुर तहसील के करीब 25 से अधिक गांव गंगा के तटबंध पर बसे हुए हैं।

जबकि गंगा के खादर में सैकड़ों की तादात में गांव बसे हुए हैं। यहां गंगा मैया की विशेष कृपा से क्षेत्र में हरियाली और खुशहाली दोनों हैं। यहां महिलाओं और बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के मन में मां गंगा के प्रति बड़ी श्रद्धा है।

कोई गंगा में स्नान तो कोई वजू करके पवित्र होता है। गर्मी के मौसम में जब सूरज की तेज तपिश चेहरों को लाल करने लगी है और अमीर लोग ठंडे इलाकों घूमने चले जाते हैं।

ऐसे समय में गंगा अपने भक्तों को अपने आंचल में छिपा लेती है। युवक दिन भर गंगा में अठखेलियां कर गर्मी से निजात पाते हैं। गंगा की तराई की रेती पर बगैर सिचाई के किसान फसलें उगाकर अच्छी पैदावार लेकर खुशहाल हो रहे हैं।

पौरारा-पूठधाम पर महाभारत काल से जिंदा है स्नान की परंपरा

क्षेत्र के बुजुर्ग बताते हैं कि पौरारा और पूठधाम सतैड़ा गंगा घाट पर महाभारत काल से कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान, बच्चों के मुंडन और पूर्वजों के दीपदान करने की परंपरा चली आ रही है।

खास बात यह है कि यहां 45 किमी के एरिया में पौरारा और पूठधाम के अलावा सलारा, जीवपुर, मुबारिजपुर, मलकपुर, विरामपुर, जल्लौपुर, शहवाजपुर गुर्जर, देहरी गुर्जर, गंगानगर व श्यामपुरी के सामने भी गंगा घाटों पर हजारों लोग गंगा स्नान करके अपनी धार्मिक आस्था को पूरा करते हैं।

पौरारा और पूठधाम सतैड़ा मेलों का शुभारंभ आज

क्षेत्र के पौरारा घाट एवं पूठधाम सतैड़ा में कार्तिक पूर्णिमा के मेलों का शुभारंभ रविवार को किया जाएगा। पौरारा मेले का शुभारंभ दोपहर एक बजे विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी, एसडीएम हिमांशु उपाध्याय, तहसीलदार अजेंद्र तोमर, क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य, प्रशासकों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में मां गंगा की आरती और हवन करने के बाद करेंगे।

इसके बाद गंगा में दुग्धाभिषेक करके मेलों का विधिवत शुभारंभ हो जाएगा। एसडीएम हिमांशु उपाध्याय ने बताया कि दोनों मेलों की तैयारियां लगभग पूर्ण हो गई हैं।

दोनों जगह पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। हसनपुर के प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र सरोहा तथा रहरा के थाना प्रभारी अमित तोमर ने पुलिस फोर्स के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में मेला स्थलों का निरीक्षण कर पार्किंग आदि की व्यवस्था को परखा।

यह भी पढ़ें- टेंट, बिस्तर और चूल्हा-चौका... सालभर के इंतजार के बाद गंगा की रेती पर शुरू हुआ श्रद्धालुओं का अनोखा 'प्रवास'

यह भी पढ़ें- देवोत्थान पर तिगरी मेले में उमड़ी भीड़, रेती के तंबुओं में महकी काली दाल की खिचड़ी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।