Amroha News: गंगा में मछली पकड़ने गए तीन डूबे, एक लापता व्यक्ति की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
हसनपुर में गंगा नदी में मछली पकड़ने गए तीन लोग डूब गए जिनमें से दो को बचा लिया गया जबकि एक व्यक्ति लापता है। ग्रामीणों और प्रशासन ने मिलकर लापता व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी है। पिछले सप्ताह भी इसी क्षेत्र में मछली पकड़ते समय एक व्यक्ति की डूबने से मृत्यु हो गई थी। प्रशासन ने लोगों से गंगा में न घुसने की अपील की है।

जागरण संवाददाता, अमरोहा/हसनपुर। रविवार शाम गंगा में मछली पकड़ने गए तीन साथी गहरे जल में डूब गए। आसपास में मौजूद लोगों ने दौड़कर दो लोगों की जान बचा ली। जबकि, तीसरा गहरे जल में समा गया। उसकी तलाश की जा रही है।
हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव भीमा ठीकरी निवासी 27 वर्षीय राजेंद्र सिंह अपने साडू गांव झुरैरी निवासी श्याम तथा इसी गांव के भुवनेश के साथ मछली पकड़ने के लिए गंगा पर गए थे। सांय करीब छह बजे तीनों साथी मछली पकड़ते हुए गंगा में डूब गए। आसपास में मौजूद लोगों ने दौड़ कर किसी तरह से दो लोगों की गंगा से बाहर निकाल कर जान बचा ली जबकि, राजेंद्र गहरे जल में समा गए। तीन लोगों के गंगा में डूबने की सूचना मिलने पर मौके पर भीड़ जुट गई।
गंगा में मछली पकड़ने गए तीन लोग डूबे, दो को बचाया एक गायब
नायब तहसीलदार मनोज कुमार, राजस्व निरीक्षक अरविंद कुमार शर्मा, लेखपाल प्रेम शंकर और रंजीत सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। डूबे हुए युवक की तलाश गोताखोरों के माध्यम से कराई जा रही है। उधर गंगा में डूबे युवक के परिजनों में चीत्कार मचा है। उल्लेखनीय है कि सप्ताह भर पहले भी गंगा के बाढ़ के पानी में मछली पकड़ते हुए रहरा थाना क्षेत्र के गांव छपना निवासी शाहिद की गंगा में डूब कर मृत्यु हो गई थी।
राजस्व टीम और पुलिस मौके पर भेजी
एसडीएम पुष्कर नाथ चौधरी ने बताया कि मछली पकड़ते हुए एक युवक के गंगा में डूबने की जानकारी मिलने पर नायब तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व टीम और पुलिस मौके पर भेजी गई है। गोताखोर युवक की गंगा में तलाश कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से गंगा और बाढ़ के पानी में न घुसने की अपील की है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।