प्रेमिका के स्वजन ने युवक को पीटा, फिर भिड़े दोनों पक्ष... 8 महीने बाद लौटा प्रेमी तो गांव में हुआ बवाल
प्रेमी युगल के फरार होने के बाद उपजे विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। पंचायत ने नाबालिग रहते हुए उनका निकाह करा दिया था जिसके बाद वे फरार हो गए थे। प्रेमी के लौटने पर प्रेमिका के परिजनों ने उससे मारपीट की जिसके बाद दोनों पक्षों में पथराव हुआ जिसमें सात लोग घायल हो गए।

जागरण टीम, अमरोहा। प्रेमी युगल के पकड़े जाने के बाद डेढ़ साल पहले प्रेमिका के नाबालिग होने के बाद भी पंचायत में दोनों का निकाह करा दिया गया था। परंतु सालभर पहले दोनों घर से फरार हो गए थे। प्रेमिका के पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने प्रेमी को जेल भेज दिया था।
अब प्रेमी के घर लौटने पर फिर से तनाव बन गया। दोनों पक्षों में मारपीट व पथराव की घटना में सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामला शांत कराया।
प्रेमिका के स्वजन ने प्रेमी को पीटा, फिर भिड़े दोनों पक्ष
मामला डिडौली कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है। यहां रहने वाले युवक का प्रेम प्रसंग गांव की ही एक किशोरी से चल रहा था। डेढ़ साल पहले स्वजन ने दोनों को पकड़ लिया था। लिहाजा गांव में पंचायत बैठी तथा प्रेमिका के नाबालिग होने के बाद भी दोनों का निकाह करा दिया था।
तय हुआ था कि बालिग होने पर प्रेमिका को ससुराल रुखसत कर दिया जाएगा। लेकिन लगभग आठ महीना पहले दोनों घर से फरार हो गए थे। जिस पर प्रेमिका के पिता ने प्रेमी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करा दी थी। पुुलिस ने दोनों को बरामद कर प्रेमी को जेल तो प्रेमिका को नारी निकेतन भेज दिया था।
मारपीट व पथराव में सात लोग घायल, 11 नामजद 15 अज्ञात पर प्राथमिकी
प्रेमी तो जमानत पर जेल से बाहर आ गया था, लेकिन प्रेमिका अभी नारी निकेतन में ही है। जमानत पर छूटने के बाद प्रेमी मजदूरी करने पंजाब चला गया था। शनिवार को ही वह घर वापस लौटा है। उसके वापस लौटने पर गांव में तनाव बन गया।
रविवार को प्रेमिका के स्वजन ने प्रेमी को घेर पर पीट दिया। जानकारी मिलने पर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। जमकर मारपीट हुई तथा पथराव किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया था। इस घटना में प्रेमी समेत सात लोग घायल हुए थे।
प्रभारी निरीक्षक हरीशवर्धन सिंह ने बताया कि इस मामले में दोनों पक्ष के 11 लोगों को नामजद किया गया है। साथ ही 15 अज्ञात पर भी प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामले की जांच की जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।