Amroha News: गंगा में डूबे युवक का 17 घंटे बाद शव बरामद, कुंदे में शर्ट फंसने से मिली सफलता
अमरोहा में गंगा नदी में मछली पकड़ने गया युवक डूब गया। ग्रामीणों ने उसकी तलाश की और अगले दिन शव बरामद हुआ। रहरा थाना क्षेत्र के छपना गांव का 21 वर्षीय शाहिद अपने साथियों के साथ मछली पकड़ने गया था लेकिन तेज बहाव में डूब गया। उसकी तलाश की जा रही थी। शव मिलने पर परिवार में मातम छा गया। करीब 20 दिन पहले ही शाहिद की शादी हुई थी।

जागरण संवाददाता, अमरोहा। साथियों के साथ गंगा पर मछली पकड़ने गया युवक मंगलवार को दोपहर बाद गंगा में डूब गया था। ग्रामीण गोताखोर उसकी तलाश कर रहे थे।
बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे घटनास्थल के नजदीक मालीपुरा गांव के गोताखोर राजेंद्र सैनी के कांटे में युवक की शर्ट फंसने पर शव बरामद हो गया है। रहरा थाना क्षेत्र के गांव छपना निवासी 21 वर्षीय शाहिद मंगलवार को अपने गांव निवासी अकील, दिलशाद एवं साहिल के साथ दोपहर करीब दो बजे विरामपुर गांव के सामने गंगा नदी में आए बाढ़ के पानी में मछली पकड़ने गए थे।
दोपहर करीब तीन बजे शाहिद मछली पकड़ने के लिए गंगा में घुस गया। गंगा में तेज बहाव के कारण वह पानी में डूब गया। साथ गए लोगों ने उसे बचाने की काफी कोशिश की थी लेकिन, सफलता नहीं मिल सकी।
गोताखोर गंगा में उसकी तलाश कर रहे थे। उधर युवक का शव बरामद होने पर परिवार में चीत्कार मच गया। करीब 20 दिन पहले ही शाहिद की गुलनाज से शादी हुई थी। पत्नी के हाथों से अभी मेहंदी भी नहीं छुट्टी है कि उसका सुहाग मिट गया है।
शाहिद दिल्ली में फलों का ठेला लगाकर परिवार का पालन पोषण करता था। पत्नी गुलनाज का रो-रोकर बुरा हाल है। वह दो भाई एक बहन में छोटा था। थाना प्रभारी अतवीर सिंह चौहान ने बताया कि गंगा में डूबे युवक का शव बरामद हो गया है। स्वजन पोस्टमार्टम करने से इन्कार कर रहे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।