Amroha News: दहेज के लिए विवाहिता को अर्धनग्न हालत में घर से निकाला, चार पर केस दर्ज
अमरोहा में एक विवाहिता ने अपने ससुरालियों के खिलाफ महिला थाने में केस दर्ज कराया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके ससुराल वाले 50 लाख रुपये की मांग कर रहे हैं और मांग पूरी न करने पर उन्हें प्रताड़ित करते हैं। विवाहिता ने बताया कि उनके ससुराल वालों ने उन्हें मारपीट कर अर्धनग्न हालत में घर से बाहर निकाल दिया था।

जागरण संवाददाता, अमरोहा। एक विवाहिता ने महिला थाना एवं परिवार परामर्श केंद्र में चार ससुरालियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष के लोग 50 लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। मांग पूरी न करने पर प्रताड़ित करते हैं और मारपीट कर अर्धनग्न हालत में घर से बाहर भी निकाल दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
यह है पूरा मामला
मंडी धनौरा के एक मुहल्ला निवासी युवती की शादी बरेली के थाना बारादरी क्षेत्र में 31 जनवरी 2024 को हुई थी। युवती के स्वजन ने दहेज में कार, सोने-चांदी के आभूषण आदि देते हुए लगभग 50 लाख रुपये खर्च किए थे। इतना सबकुछ देने के बाद भी ससुरालियों ने दहेज की मांग शुरू कर दी।
विवाहिता से 50 लाख रुपये की डिमांड करने लगे। कुछ दिन तक यह मांग अनसुनी करती रही लेकिन, जब ससुरालियों व पति प्रताड़ित करना शुरू किया तो घर में विवाद करने लगे। एक बार मारपीट कर घर से निकाल कर दिया।
विवाहिता अपने मायके में आ गई। विवाहिता ने एडीजी बरेली के यहां शिकायत की तो ससुराल पक्ष के लोग विवाहिता को ले गए। वहां पर ले जाकर वह फिर से 50 लाख रुपये मांगने लगे।
मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ मारपीट करते हुए उसे अर्धनग्न हालत में घर से बाहर निकाल दिया। विवाहिता गर्भवती है लेकिन, ससुराली बच्चा पैदा करने के लिए मना कर रहे हैं।
ससुरालियों की प्रताड़ना से दुखी होकर अब उसने महिला थाने में केस दर्ज कराया है। प्रभारी निरीक्षक निधि चौधरी ने बताया कि इस मामले में पति, ससुर, सास व देवर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
छेड़छाड़ के विरोध में मारपीट, तोड़फोड़
छेडछाड़ का विरोध किया तो दबंगों ने मारपीट की। कार में भी तोड़फोड़ की। महिलाओं के साथ भी मारपीट की गई। इस मामले में तीन लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
घटना नौगावां सादात थानाक्षेत्र के एक गांव की है। यहां पर शिक्षक का परिवार रहता है। मंगलवार को वह सेवानिवृत्त हुए हैं। लिहाजा अमरोहा में सेवानिवृत्ति का कार्यक्रम था। इस दौरान उनके घर पर केवल महिलाएं थीं। इसी दौरान उनके घर मेहमान भी आ रहे थे। शाम के समय रिश्तेदारों की कार घर के सामने आकर रुकीं।
आरोप है कि कार से महिलाएं उतरीं तो गांव के रहने वाले वेदपाल, सतेंद्र और बब्बू ने महिलाओं पर फब्तियां कसना शुरू कर दिया। छेड़छाड़ भी की। महिलाओं ने विरोध किया तो तीनों ने मारपीट शुरू कर दी। उनकी कार में तोड़फोड़ की। गांव के लोगों ने मौके पर जाकर बचाया। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जल्दी ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।