अमरोहा मंडी में नए आलू की दस्तक, बंपर भाव मिलने से किसानों के खिले चेहरे
अमरोहा की मंडी में नए आलू की दस्तक के साथ ही किसानों के चेहरे अच्छे भाव मिलने से खिल उठे हैं।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
नया आलू मंडी में पहुंचा, किसानों को मिले अच्छे भाव।
थोक में 30-40 रुपये, फुटकर में 50-60 रुपये प्रति किलो।
पिछले वर्ष से बेहतर शुरुआत, किसानों को मुनाफे की उम्मीद।
जागरण संवाददाता, अमरोहा। वर्ष 2025 में आलू का शानदार उत्पादन होने के बावजूद भाव कम रहने से किसानों को लागत निकालना भी मुश्किल हो गया था। मेहनत और पूंजी लगाने के बाद भी किसानों के हाथ निराशा ही लगी थी, लेकिन इसके बावजूद अन्नदाताओं ने हिम्मत नहीं हारी।
सितंबर 2026 में पुखराज प्रजाति के अगैती आलू की बोआई कर एक बार फिर अच्छी कमाई की उम्मीद लगाई। अब दीपावली के बाद नया आलू मंडी में पहुंचना शुरू हुआ तो भाव देखकर किसानों के चेहरे खिल उठे।
मंडी में नए आलू का थोक भाव 30 से 40 रुपये प्रति किलो तक मिल रहा है, जबकि फुटकर में कीमत 50 से 60 रुपये किलो तक पहुंच गई है। बेहतर भाव मिलने से किसानों को इस बार लागत निकलने के साथ मुनाफे की उम्मीद भी जगी है।
पिछले वर्ष नए आलू का भाव था 20 से 25 रुपये किलो
पिछले साल की तुलना में इस बार नए आलू की शुरुआत बेहतर भाव के साथ हुई है। किसानों के मुताबिक, वर्ष 2025 में जब नया आलू मंडी में पहुंचा था, तब शुरुआती 10 से 15 दिन तक ही थोक में 20 से 25 रुपये प्रति किलो का भाव मिला था। इसके बाद कीमतों में तेजी से गिरावट आ गई थी।
किसानों को अपनी लागत निकालना भी मुश्किल हो गया था। इसके उलट इस बार नए आलू की मांग और बेहतर भाव से किसानों में उत्साह है। फिलहाल मंडी में थोक में 30 से 40 रुपये प्रति किलो तक कीमत मिल रही है। फुटकर बाजार में यही आलू 50 से 60 रुपये किलो बिक रहा है।
किसानों को उम्मीद है कि इस बार आगे भी भाव अच्छा बना रहेगा। हालांकि, कोल्ड स्टोरेज में रखे बीज के पुराने आलू का थोक भाव तीन से चार रुपये प्रति किलो है। वहीं, बाजार में चिपसोना प्रजाति का पुराना आलू 10 से 15 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। हसनपुर क्षेत्र में छह कोल्ड स्टोर हैं, जिनमें पुराने आलू का करीब 50 हजार बोरा स्टाक बताया जा रहा है।
जिले में इस बार 3750 हेक्टेयर भूमि पर आलू की खेती की गई है। नए आलू का भाव फिलहाल अच्छा मिल रहा है। फसल में किसी तरह का रोग भी नहीं लगा है। इससे उत्पादन बेहतर रहने की उम्मीद है।
-अश्वनी श्रीवास्तव, जिला उद्यान अधिकारी, अमरोहा।
यह भी पढ़ें- अमरोहा-हरिद्वार गंगा एक्सप्रेसवे के लिए 52 गांवों की जमीन खरीदेगी सरकार, किसानों को मिलेगा 4 गुना मुआवजा
यह भी पढ़ें- अमरोहा: राष्ट्रगान के दौरान स्कूल में फेंका जलता पटाखा बम, 11वीं की छात्रा घायल; दहशत में विद्यार्थी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।