Amroha Road Accident: घोड़े के बिदकने से हादसा, तांगा से टकराकर बाइक सवार लेखपाल की मौत
अमरोहा में एक दुखद घटना में फतेहपुर के रहने वाले एक लेखपाल केशव शरण सिंह की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। नौगावां सादात रोड पर बादशाहपुर गांव के पास ईंट भट्ठे के सामने एक तांगे ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घोड़े के बिदकने से तांगा सड़क पर आ गया था। घायल लेखपाल को अस्पताल ले जाया गया उन्होंने दम तोड़ दिया।

जागरण संवाददाता, अमरोहा। फतेहपुर निवासी लेखपाल की सड़क हादसे में मौत हो गई। उन्हें घोड़ा गाड़ी (तांगा) ने टक्कर मार दी थी। स्वजन को सूचना दे दी गई है। मंगलवार को यह हादसा अमरोहा नौगावां सादात रोड पर गांव बादशाहपुर के सामने हुआ। यहां पर ईंट भट्ठा स्थित है। जिसन पर श्रमिक घोड़ा गाड़ी से ईंट लेकर आते हैं।
बाइक पर सवार होकर तहसील जा रहे थे लेखपाल
लेखपाल केशव शरण सिंह मूल रूप से फतेहपुर जनपद की बिंदकी तहसील के गांव बगरेलापुर के रहने वाले थे तथा उनकी तैनाती नौगावां सादात तहसील में थी। जबकि वह अमरोहा नगर में किराए के मकान में रहते थे। मंगलवार सुबह वह बाइक से तहसील जा रहे थे। हेलमेट लगाए बाइक सवार केशव शरण जब भट्ठा के सामने पहुंचे तो अचानक एक तांगा भट्ठा परिसर से निकल कर सड़क पर आ गया।
सड़क की तरफ दौड़ने लगा तांगा
बताते हैं कि घोड़ा बिदकने के बाद तांगा लेकर सड़क की तरफ दौड़ा था। इस दौरान टक्कर लगने से केशव शरण सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। तत्काल ही उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई। साथी लेखपाल की मौत की सूचना मिलने पर तहसील कर्मी भी जिला अस्पताल पहुंच गए थे।
सीओ अवधभान भदौरिया ने बताया कि मृतक के स्वजन को सूचना दे दी है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।