भर्ती मरीजों से अस्पताल में मिल रहीं सुविधाओं के बारे में ली जानकारी
अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य ने जिला अस्पताल का किया निरीक्षण

अमेठी : अपर मुख्य सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण ने रविवार को संयुक्त जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इमरजेंसी और सर्जिकल वार्ड में भर्ती मरीजों से अस्पताल में मिल रहीं सुविधाओं और सेवाओं के बारे में बातचीत की। अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने आरटीपीसीआर लैब देखी। आक्सीजन प्लांट की जांचकर सीएमएस डा बीपी अग्रवाल से इस बाबत जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिला अस्पताल की साफ- सफाई और व्यवस्थाओं पर संतोष प्रकट किया।
जिला अस्पताल के दोनों वार्ड में 15 मरीज भर्ती थे, अपर मुख्य सचिव श्री प्रसाद ने एक- एक मरीजों से मिल रही सुविधाओं के बारे में पूछा। दवाएं कहां से मिलती हैं, इस पर सवाल किया। मरीजों ने उन्हें ज्यादातर दवाएं अस्पताल से मिलने की बात बताई। उनके निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डा अंकुर लाठर, मंडल अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एंव परिवार कल्याण अयोध्या अशोक श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी विमलेंदु शेखर आदि मौजूद रहे।
इससे पहले अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य श्री प्रसाद शनिवार की देर शाम स्वास्थ्य राज्यमंत्री मयंकेश्वर सिंह शरण सिंह के तिलोई स्थित आवास पर पहुंचे थे। वहां से लोक निर्माण विभाग के गेस्टहाउस आ गए। यहां रात्रि विश्राम के बाद उन्होंने जिला अस्पताल का निरीक्षण करने के बाद पीएचसी कस्थुनी पहुंचे। यहां भी स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद वे जगदीशपुर सीएचसी पहुंचे, यहां जांच करने के बाद लखनऊ चले गए।
मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में 2,556 मरीजों की जांच
अमेठी : मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का 30 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजन किया गया। इसमें 2,556 मरीजों की जांच कर उन्हें दवाएं दी गई। जिनमें 1021 पुरुष, 1,260 महिला, 275 बच्चे शामिल रहे। आयुष्मान भारत योजना के तहत 298 पात्र लोगों को गोल्डन कार्ड जारी किए गए। मेले में 76 चिकित्सक और 340 पैरामेडिकल स्टाफ ने चिकित्सा की जिम्मेदारी संभाली।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रानीगंज में 281 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जिसमें 115 पुरुष, 139 महिला और 27 बच्चे इलाज कराने आए थे। यहां 20 पात्रों को गोल्डन कार्ड जारी किया गया। 40 मरीजों की कोविड की जांच कराई गई। केंद्र अधीक्षक प्रदीप तिवारी ने पैरामेडिकल स्टाफ के साथ मरीजों की जांच की। प्राथमिक स्वास्थ्य रामगंज में 33 मरीजों ने पंजीकरण कराया। नौ मरीजों के ब्लड की जांच की गई। दो प्रसूताओं का प्रसव कराया गया। शुगर के 18 मरीजों की जांच कर चिकित्सक ने उन्हें इससे बचने की सलाह दी। यहां ब्लड प्रेशर के 25 मरीजों की जांच हुई। 15 पात्रों को आयुष्मान कार्ड जारी किए गए। इस मौके पर चिकित्सक निशांत सिंह, फार्मासिस्ट राजेश प्रताप सुशीला यादव, भूपेंद्र श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।