यूपी के इस जिले में एक नवंबर से होगी धान खरीद, बनाए गए 99 केंद्र; एक लाख 40 हजार मीट्रिक टन का रखा गया लक्ष्य
अमेठी जिले में धान खरीद की तैयारी शुरू हो गई है। किसानों के लिए 99 क्रय केंद्र बनाए गए हैं जहाँ वे पंजीकरण कराकर अपनी उपज बेच सकते हैं। इस बार धान खरीद का लक्ष्य 1 लाख 40 हजार मीट्रिक टन है और 1 नवंबर से खरीद शुरू होगी। किसान ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं।

जागरण संवाददाता, अमेठी। जिले में धान खरीद की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। धान खरीद के लिए 99 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। केंद्रों पर अपनी उपज बेचने के लिए किसान पंजीकरण करा सकते हैं। इस बार जिले को धान खरीद के लिए एक लाख 40 हजार मीट्रिक टन का लक्ष्य दिया गया है। एक नवंबर से धान खरीद शुरू की जाएगी।
जिले में करीब एक लाख 30 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में किसानों ने धान की रोपाई की है। अच्छी बारिश होने के चलते धान की उपज भी ठीक-ठाक होने का अनुमान लगाया जा रहा है। जिसको लेकर शासन प्रशासन भी किसानों की उपज का वाजिब मूल्य दिलाने के लिए तैयारियों में जुट गया है। जिले में धान खरीद के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस बार केंद्रों की संख्या में वृद्धि की गई है। पिछले वर्ष 91 धान खरीद केंद्र बनाए गए थे। जिसे बढ़ाकर इस बार 99 कर दिया गया है। वहीं खरीद का लक्ष्य भी बढ़ाया गया है।
पिछले वर्ष धान खरीद का लक्ष्य एक लाख 32 हजार मीट्रिक टन था, जो इस बार एक लाख 40 हजार मीट्रिक टन शासन की ओर से लक्ष्य निर्धारित किया गया है। धान बेचने वाले किसानों के पंजीयन के लिए वेबसाइट चालू कर दी गई है। पंजीकृत किसान सरकारी क्रय केंद्रों पर अपना धान आसानी से बेच सकेंगे। पंजीयन में किसी प्रकार की समस्या आने पर किसान अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
ऐसे करा सकते हैं पंजीयन
विभागीय पोर्टल से किसान घर बैठे स्वयं, जन सुविधा केंद्र व साइबर कैफे से आनलाइन पंजीयन करा सकते हैं। पहले किसानों को अपना आधार व मोबाइल नंबर दर्ज कराना होगा। ओटीपी आने पर रजिस्ट्रेशन शुरू होगा। पंजीयन कराने वाले किसानों को अपनी भूमि व बैंक खाते की जानकारी भी देनी होगी।
धान खरीद के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। धान बेचने वाले किसानों के पंजीयन के लिए वेबसाइट चालू कर दी गई है। इस बार 99 धान खरीद केंद्र बनाए गए हैं। किसानों को धान की बिक्री के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े इसके लिए अपना पंजीकरण करा लें।- हरिश्चंद्र प्रजापति, प्रभारी जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।