नहरों में पानी न आने से किसान परेशान, सूख रही है फसल
अमेठी किसानों ने किसी प्रकार से धान की नर्सरी तो डाल दी परंतु मानसून के दगा देने और नह

अमेठी : किसानों ने किसी प्रकार से धान की नर्सरी तो डाल दी, परंतु मानसून के दगा देने और नहरों में पानी न आने से धान की रोपाई नहीं हो पा रही है।
वहीं जैसे-तैसे जिन किसानों ने धान की रोपाई कर दी उनकी फसलें सूख रही हैं। नहरों में करीब एक माह से पानी नहीं आया जिसके चलते नहरों में धूल उड़ रही है। किसानों ने जिला प्रशासन से नहरों में पानी छोड़े जाने की मांग की है। बताते चलें कि क्षेत्र की सिदुरवा रजबहा, पलिया, कठौरा, सिदुरवा, नियावां, पूरे मेड़ई, ठाकुर दुबे, रजखेता माइनरों में पानी नहीं है। किसान खेतों की रोपाई व धान की सिचाई के लिए परेशान हैं और वह नहरों में पानी आने का इंतजार कर रहे हैं। पानी न आने से किसानों की धान की फसल चौपट होने के कगार पर पहुंच चुकी है। किसानों से ऊपर वाला पहले ही रूठा है वहीं बची खुची कसर सरकार ने पूरी कर दी। सूख रही फसल को देख किसान परेशान हैं।
-किसानों की दर्द भरी कहानी, उन्हीं के जुबानी
-कठौरा के पूरे नोती दुबे गांव के किसान प्रशांत अवस्थी ने बताया कि प्रीमानसून बरसात में धान की रोपाई तो कर ली थी, लेकिन नहरों में पानी न होने की वजह से फसल सूख कर खराब हो रही है। उन्होंने जिला प्रशासन से शीघ्र नहरों में पानी छोड़े जाने की मांग की है।
-पलिया पश्चिम के शुभम तिवारी ने बताया कि करीब एक माह से नहर में पानी नहीं आया है। जिससे जिन फसलों की रोपाई हो गई है वह सूख रही हैं। जिन्हें-रोपाई करना है वह नहरों में पानी आने का इंतजार कर रहे हैं। डीजल का दाम भी अत्यधिक होने के कारण फसलों की लागत अधिक आ रही है।
-पूरे मेड़ई पासी के पवन पासी ने बताया कि जिन किसानों ने किसी तरह टयूबवेल से धान रोपाई कर ली। समय से नहरों में पानी नहीं आने से फसल की लागत बढ़ती जा रही है। नहर में पानी न आने से धान की फसल खराब हो रही है। -कठौरा के पूरे लाल गांव के मो. शकील ने बताया कि एक महीने से नहर में पानी नहीं आया है। किसान पानी का इंतजार कर रहे हैं। नहर विभाग के अधिकारियों को कई बार पानी न आने की शिकायत की है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। नहर में पानी शीघ्र नहीं मिला तो इसका असर किसानों की फसलों की पैदावार पर पड़ेगा। -जिम्मेदारों की भी सुनिए सहायक अभियंता शारदा सहायक खंड 41 ने बताया कि पानी हैदरगढ़ से नहीं मिल पा रहा है। जितना पानी है वह जौनपुर ब्रांच में चल रहा है। बताया कि 20 जून से पानी नहीं आया है। रोस्टर सात जुलाई से था, पानी उपलब्ध कराने के लिए उच्च अधिकारियों को पत्राचार किया गया है। पानी मिलते ही रजबहा व माइनरों में पानी उपलब्ध करा दिया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।