हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजे शिवालय
बेलपत्र फूल मालाओं के साथ ही दूध व गंगाजल से भक्तों ने किया जलाभिषेक शिवालयों पर उमड़ी भक्तों की भारी भीड़ गौरीगंज के आनंद नगर में एक साथ 151 यजमानों ने किया पार्थिव शिवलिग का रूद्राभिषेक।

जागरण टीम, अमेठी : महाशिवरात्रि पर्व पर शिवालयों में दिन भर हर-हर महादेव व बोल-बम के जयकारे गूंजते रहे। भोर से दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। वृद्ध, युवा, बच्चे व महिलाओं ने पूरे विधि-विधान से भगवान शिव की आराधना, पूजा व जलाभिषेक किया।
अमेठी के मुकुटनाथ मंदिर पर हजारों भक्तों ने सुबह से ही जलाभिषेक किया। शहर के देवीपाटन स्थिति शिवालय पर शहरवासियों ने जलाभिषेक किया। मुराई का पुरवा स्थिति दुखहरण नाथ धाम पर भक्तों ने महादेव का पूजन किया। गौरीगंज के बाबा दूधनाथ, झारखंड, दुर्गन धाम, गढ़ामाफी के साथ ही शिवमंदिरों पर सुबह से ही जलाभिषेक के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। मुंशीगंज क्षेत्र के प्राचीन मंदिर मुंशीगंज चौराहे पर श्री राम चरित मानस पाठ के समापन पर हवन पूजन किया गया। बाजारशुकुल क्षेत्र के शिवालयों में सुबह से ही शिव भक्तों ने जलाभिषेक शुरू किया। फुरसतगंज क्षेत्र के पीढ़ी स्थित तपेशवर नाथ मंदिर परिसर, शनि देव मंदिर, मातारानी गुफा, राधाकृष्ण मंदिर में सुबह से ही जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। अपर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार पांडेय व भाजपा नेता भवानी दत्त दीक्षित ने भी जलाभिषेक किया। सिंहपुर क्षेत्र के रामपुर पंवारा स्थित दतेहरेश्वर शिवालय, राजाफत्तेपुर स्थित घुइसरनाथ मंदिर, सिद्धेश्वर, इन्हौना के रत्नेश्वर धाम, सातनपुरवा स्थित शिव मंदिर में जल चढ़ाने का सिलसिला चलता रहा। श्रद्धालुओं ने धूप, दीप, धतूरा, पंचामृत, फूल, बेलपत्र, बेर, भांग आदि भगवान शिव को अर्पित कर दीर्घायु होने की कामना की।
-151 पार्थिव शिवलिग पर हुआ रुद्राभिषेक
कथा व्यास डा विनय शास्त्री की अगुवाई में गौरीगंज के आनंद नगर में महाशिवरात्रि के पर्व पर आयोजित रुद्राभिषेक में 151 यजमानों के लिए पार्थिव शिवलिग पर रुद्राभिषेक की व्यवस्था की गई थी। वैदिक आचार्यों ने पार्थिव शिवलिग की प्राण प्रतिष्ठा करा कर रुद्राभिषेक करवाया। इस दौरान वैदिक मंत्रों से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा। इसके पूर्व 15 ब्राह्मण कुमारों का यज्ञोपवीत संस्कार भी कराया गया। डा विनय शास्त्री ने कहा कि महाशिवरात्रि भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती को कृपा प्राप्त करने का अवसर है। इस शुभ अवसर पर किए गए सभी सत्कर्म विशेष फलदाई होते हैं। महाशिवरात्रि पर रुद्राभिषेक का कई गुना महत्व है। वेद विद्यापीठ के माध्यम से क्षेत्र में वेद के प्रचार प्रसार को बढ़ावा देने के साथ ही वैदिक संस्कृति के संवर्धन का प्रयास किया जा रहा है। गौरीगंज ब्लाक प्रमुख रूमा सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मुकेश सिंह, महेश प्रताप सिंह व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
- मेले में हुई जमकर खरीदारी, बच्चों ने झूले का लिया आनंद
शिवालयों में आराधना के बाद श्रद्धालुओं ने मेले में जमकर खरीदारी की। तो वहीं बच्चों ने झूले, मिनी माउस व किड्स ट्रेन का आनंद उठाया। मेले में लगी चाट, गोलगप्पे, जलेबी, गन्ना का रस के साथ ही चाइनीज फूड का स्वाद चखा। दुकानों पर दिनभर भीड़ लगी रही।
- चप्पे-चप्पे पर तैनात रही खाकी, ड्रोन से हुई निगरानी
शिवालयों पर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे। फुरसतगंज के पीढ़ी में तीन एसआई समेत 21 महिला व पुरुष आरक्षी तैनात रहे। जबकि अन्य जगहों पर एसआई के साथ दो आरक्षियों ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए मुस्तैद दिखे। इसके साथ ही ड्रोन से निगरानी की जा रही थी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।