अमेठी के जगदीशपुर औद्योगिक क्षेत्र में बनेगा नया पुल, 50 हजार से अधिक लोगों को मिलेगा लाभ
अमेठी के जगदीशपुर औद्योगिक क्षेत्र में 1984 में बने जर्जर लोहिया पुल के स्थान पर 2.31 करोड़ रुपये की लागत से नया पुल बनेगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
अमेठी में 2.31 करोड़ की लागत से नया औद्योगिक पुल बनेगा।
पुराने जर्जर लोहिया पुल की जगह, 50 हजार लोगों को लाभ।
औद्योगिक विकास में तेजी आएगी, आवागमन की समस्या होगी खत्म।
अमित पांडेय, अमेठी। जगदीशपुर औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर 13 व 14 के साथ ही कई गांवों को जोड़ने वाली सड़क पर 1984 में बना लोहिया पुल काफी जर्जर व संकरा हो चला है। इस कारण भारी वाहनों के आवागमन व उद्यमियों को अपने कच्चे माल व तैयार उत्पाद को मंजिल तक पहुंचाने के लिए करीब सात किलोमीटर घूमकर आना-जाना पड़ता है।
उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण यूपीसीडा के द्वारा उद्यमियों एवं आम जनमानस की सुविधा को देखते हुए दो करोड़ 31 लाख सात हजार रुपये से पुल निर्माण कराया जाएगा। कार्य को कराने का टेंडर मेसर्स अखंड प्रताप सिंह कांस्ट्रक्शन को मिला है।
यूपीसीडा के द्वारा ठेकेदार के साथ अनुबंध गठन की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। अगले सप्ताह पुल का निर्माण शुरू होने की बात कही जा रही है। पुल निर्माण होने के बाद यहां की वर्षों पुरानी समस्या से निजात मिलेगी औद्योगिक विकास को भी गति मिलने के साथ 50 हजार से अधिक लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान बनारस हिंदू विश्वविद्यालय वाराणसी के प्रोफेसर के द्वारा पुल के स्टीमेट डिजाइन की ड्राइंग को प्रमाणित कर दिया गया था। उसके बाद इस परियोजना को स्वीकृति के लिए निर्माण खंड 06 सिविल के द्वारा यूपीसीडा मुख्यालय भेजा गया था। उसके बाद टेंडर प्रकिया पूर्ण कराकर ठेकेदार के साथ अनुबंध गठन की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। यूपीसीडा निर्माण खंड 06 के वरिष्ठ प्रबंधक सिविल प्रवीण सलोनिया ने अगले सप्ताह पुल निर्माण शुरू होने की पुष्टि की है।
उद्यमियों ने प्रदेश सरकार व यूपीसीडा का जताया आभार
लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष इं. संजय सिंह, ईबीसीसी अध्यक्ष मकसूद खान ने कहा कि जगदीशपुर औद्योगिक क्षेत्र का लोहिया पुल पक्का व चौड़ा बनने से वर्षो पुरानी समस्या का समाधान होगा।
सेक्टर 13 के अब्दुल जाऊद, सुशील सिंह, सेक्टर 14 के मो. असलम ने बताया कि पुल संकरा होने के कारण करीब सात किलोमीटर घूमकर बड़े वाहनों को आना-जाना पड़ता है( पुल निर्माण से हम लोगों की समस्या खत्म हो जाएगी। सभी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ व यूपीसीडा के सीईओ का आभार प्रकट किया है।
औद्योगिक क्षेत्र समेत कई गांवों के लोगों को मिलेगा लाभ
जगदीशपुर औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर 13, 14 ढुड़ेहरी, लाल खां, सिटौली, पूरे झब्बू, तिलोई तहसील के बहुआ सहित कई गांवों के लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। वहीं दोनों सेक्टरों के खाली भूखंडों की इकाइयों की स्थापना में भी तेजी आएगी। औद्योगिक विकास को भी गति मिलेगी।
उद्यमियों की सुविधा व आवागमन की सुगमता के लिए औद्योगिक क्षेत्र में पुल का निर्माण जल्द शुरू होगा। जिससे औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। सरकार की मंशा के अनुरूप यूपीसीडा के द्वारा लगातार उद्यमियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जा रही है।
-अनीता यादव, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, यूपीसीडा
डीएम ने कहा
वहीं, जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने कहा कि उद्यमियों एवं आम जनमानस की सुविधा के लिए जगदीशपुर औद्योगिक क्षेत्र में लोहिया पुल के स्थान पर पक्के पुल का निर्माण यूपीसीडा के द्वारा कराया जाएगा। यह कार्य होने के बाद सभी को आवागमन में सुविधा मिलेगी और आम जन मानस के साथ उद्योग जगत को भी फायदा होगा।
यह भी पढ़ें- अमेठी में विकास की करोड़ों की परियोजनाएं तैयार, लोकार्पण के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ का इंतजार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।