विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमेठी में विकास की करोड़ों की परियोजनाएं तैयार, लोकार्पण के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ का इंतजार

Published: Fri, 20 Nov 2026 06:49 PM (IST)

Development Projects in Amethi: मुख्यमंत्री के आगमन की तारीख जल्द ही तय होने की उम्मीद है। कार्यक्रम के लिए तिलोई, जगदीशपुर और गौरीगंज विधानसभा क्षेत्रों के बीच स्थल तलाशे जा रहे हैं।

तिलोई में स्वशासी मेडिकल कालेज का भवन : जागरण

तिलोई में स्वशासी मेडिकल कालेज का भवन : जागरण

HighLights

  1. 3,400 करोड़ की परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास की तैयारी पूरी

  2. जल्द तय होगी मुख्यमंत्री के आगमन की तारीख

  3. 1,808.44 करोड़ की 264 परियोजनाओं का होगा लोकार्पण

  4. 1560.85 करोड़ की 338 परियोजनाओं के शिलान्यास की तैयारी

दिलीप सिंह, अमेठी। कांग्रेस के गढ़ अमेठी के विकास को लेकर भाजपा बेहद गंभीर है। यहां 3,400 करोड़ रुपये की लागत की परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास की तैयारी है। यह विकास योजनाएं 600 से अधिक हैं। इनमें कुछ छोटी तो कई बड़ी हैं। इनके लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आमंत्रित करने की तैयारी चल रही है। मुख्यमंत्री के आगमन की तारीख जल्द ही तय होने की उम्मीद है। कार्यक्रम के लिए तिलोई, जगदीशपुर और गौरीगंज विधानसभा क्षेत्रों के बीच स्थल तलाशे जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों 1,808.44 करोड़ रुपये की 264 परियोजनाओं का लोकार्पण प्रस्तावित है। इनमें मेडिकल कालेज, पुलिस लाइन, जिला कारागार और कलेक्ट्रेट के साथ जल जीवन मिशन के 201 प्रोजेक्ट शामिल हैं। वहीं, 1560.85 करोड़ रुपये की 338 परियोजनाओं का शिलान्यास होगा। इनमें जल निगम की 290 और अन्य विभागों की 38 परियोजनाएं हैं।

गौरीगंज के सकरावां गांव में जिला कारागार का निर्माण अंतिम दौर में है। अक्तूबर 2022 में कैबिनेट की मंजूरी के बाद शुरू हुए इस काम पर 176.12 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं। जेल शुरू होने पर बंदियों को सुलतानपुर या रायबरेली नहीं भेजना पड़ेगा। विशुनदासपुर में 17.77 करोड़ रुपये से बना स्थायी कलेक्ट्रेट भवन कामकाज के लिए खुल चुका है।

औपचारिक उद्घाटन बाकी

तिलोई में 301.12 करोड़ रुपये की लागत वाले स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय का निर्माण पूरा है। वर्ष 2021 में शिलान्यास के बाद बने प्रशासनिक और लेक्चर भवन, जेआर-एसआर हास्टल, मेस और आवासीय परिसर तैयार हैं। 300 बेड का अस्पताल बन रहा है। इसके साथ 200 बेड का रेफरल अस्पताल भी कालेज में शामिल है।

गौरीगंज की नई पुलिस लाइन का काम पूरा होने के करीब है। 70.5 एकड़ में बनी इस परियोजना पर 225.28 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं और संचालन शुरू हो गया है। जामो-भादर मार्ग का चौड़ीकरण 98 फीसद पूरा है। गौरीगंज और जायस की जलापूर्ति योजनाओं पर क्रमशः 55.47 और 46.87 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं। जिले में 500 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बड़ी सड़कें भी बनी हैं। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे के मद्देनजर काम तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।

कई नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी

योगी आदित्यनाथ सरकार में स्वास्थ्य राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जल्द अमेठी आने की हामी भरी है। वह यहां करोड़ों की लागत से पूरी हुई परियोजनाओं के लोकार्पण के साथ कई नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। जल्द ही मुख्यमंत्री के आने की तारीख तय होगी।

जनमानस की सुविधाओं का ध्यान

जिले में मेडिकल कालेज, पुलिस लाइन्स, कारागार, कलेक्ट्रेट सहित ढाई सौ से अधिक परियोजनाओं का काम पूरा करवा लिया गया है। शासन की मंशा के अनुरूप विकास को गति देने के साथ ही आम जनमानस की सुविधाओं का ध्यान रखा जा रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।