विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमेठी में युवती की मौत पर परिवार ने घंटों सड़क जाम कर किया हंगामा, गिरफ्तारी के बाद खत्म किया प्रदर्शन

Published: Fri, 20 Nov 2026 05:00 PM (GMT+05:30)

सेमरौता, अमेठी में एक युवती की संदिग्ध मौत के बाद परिवारजनों ने गांव के युवक पर हत्या का आरोप लगाते हुए सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया। 

ग्रामीणों से बात करते सीओ दिनेश कुमार मिश्र : जागरण

ग्रामीणों से बात करते सीओ दिनेश कुमार मिश्र : जागरण

HighLights

  1. युवती की संदिग्ध मौत पर परिवारजनों ने किया प्रदर्शन।

  2. गांव के युवक पर हत्या का आरोप, गिरफ्तारी की मांग।

  3. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू की।

संवाद सूत्र, सेमरौता(अमेठी)। सेमरौता कस्बे में युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में उसके परिवारजन ने गांव के युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। आरोपी की गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा की मांग को लेकर शुक्रवार सुबह परिवारजन और सैकड़ों ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया। अंतिम संस्कार से इनकार के चलते प्रशासन को उन्हें मनाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। प्रदर्शन के कारण इन्हौना महराजगंज मार्ग पर चार घंटे से अधिक समय तक आवागमन बाधित रहा।

शिवरतनगंज, मोहनगंज और फुरसतगंज समेत अन्य थानों की पुलिस मौके पर तैनात रही। अधिकारियों के आश्वासन और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद परिवारजन ने अंतिम संस्कार किया। बुधवार शाम सेमरौता निवासी सतीश कुमार की पुत्री शिखा का शव घर के आंगन में लगे जाल से साड़ी के सहारे फंदे से लटका मिला था। शिखा की मां मालती देवी ने पड़ोसी अभिषेक मिश्रा उर्फ ननकू को नामजद करते हुए हत्या का आरोप लगाया था। उनका आरोप है कि युवक उनकी पुत्री को डराता-धमकाता था, उसे गलत काम के लिए प्रेरित करता था और हत्या की धमकी देता था।

शुक्रवार सुबह परिवारजन ने आरोपी की गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और परिवार की सुरक्षा की मांग करते हुए शव सड़क पर रख दिया और अंतिम संस्कार से मना कर दिया। सूचना पर 4 थानों की पुलिस के साथ क्षेत्राधिकारी तिलोई मौके पर पहुंचे। कई बार बातचीत के बावजूद परिवारजन जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। बाद में एसडीएम डॉ. अरुणिमा श्रीवास्तव और सीओ दिनेश कुमार मिश्र ने उनसे वार्ता कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

सीओ ने एफआईआर की प्रति देने और आरोपी को गिरफ्तार करने की बात कही। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। सीओ दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि युवती की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। विवेचना और साक्ष्यों के आधार पर आगे कार्रवाई होगी। एसडीएम डॉ. अरुणिमा श्रीवास्तव ने कहा कि परिवारजन और ग्रामीणों से वार्ता के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।