डीएम ईशा प्रिया की पहल, टांडा की अवधी जामदानी साड़ी को मिलेगी नई पहचान और बुनकरों को रोजगार
जिलाधिकारी ईशा प्रिया की पहल पर अंबेडकरनगर के टांडा में 60 हथकरघे स्थापित कर अवधी जामदानी साड़ियों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की तैयारी है।

टांडा में हथकरघा प्रशिक्षण के दौरान महिला बुनकर को किट प्रदान करतीं डीएम ईशा प्रिया। जागरण आर्काइव
HighLights
जिलाधिकारी ईशा प्रिया की पहल पर अवधी जामदानी कला का पुनरुत्थान।
टांडा में 60 नए हथकरघे स्थापित होंगे, बुनकरों को मिलेगा रोजगार।
अवधी जामदानी साड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की तैयारी।
महेंद्र प्रताप सिंह, अंबेडकरनगर। बुनकर नगरी के रूप में पहचान रखने वाले टांडा की पारंपरिक हथकरघा कला को नया रूप देकर देशभर में पहचान दिलाने की तैयारी है।
जिलाधिकारी ईशा प्रिया की पहल पर जिले में करीब 60 हथकरघा स्थापित कर अवधी जामदानी साड़ियां बनाई जाएंगी। योजना का उद्देश्य स्थानीय बुनकरों को रोजगार देना और टांडा की पुरानी पहचान को फिर स्थापित करना है।
जामदानी भारत की प्राचीन और विशिष्ट हथकरघा बुनाई कलाओं में शामिल है। इसका विशेष संबंध बांग्लादेश के ढाका क्षेत्र से रहा है। इस बुनाई में फूल, पत्तियां और बेल-बूटे कपड़े पर छापे या कढ़ाई से नहीं, बल्कि रंगीन धागों के जरिए बुनाई के दौरान तैयार किए जाते हैं। टांडा में इस पारंपरिक तकनीक के साथ अवध की संस्कृति और स्थानीय कलात्मकता को जोड़कर अवधी जामदानी साड़ी बनाने का काम शुरू हो गया है।
बीते जुलाई में 30 बुनकरों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षित कारीगर हथकरघे पर साड़ियों के साथ चादर, तौलिया, गमछा और अन्य कपड़ा उत्पाद भी बनाएंगे। उत्पादों की बिक्री के लिए वाराणसी के निदेशक गोपाल ने बनारसी साड़ी बनाने वाली एक कंपनी को बाजार उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सौंपी है।
अवध क्षेत्र की ब्रांडिंग में सहयोग
कंपनी उत्पादों को देश के विभिन्न प्रदेशों तक पहुंचाने और अवध क्षेत्र की ब्रांडिंग में सहयोग करेगी। इससे बुनकरों को उत्पादन के साथ विपणन की सुविधा भी मिलेगी। जिला उद्योग उपायुक्त हरिप्रताप मौर्य ने बताया कि हथकरघा व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए 25 प्रतिशत अनुदान पर एक लाख से दो करोड़ रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराने का प्रावधान है।
जिले में 60 हथकरघा उद्योग संचालित करने की तैयारी है और इसके लिए बुनकरों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिलाधिकारी ईशा प्रिया, ने कहा कि अवधी जामदानी कला को देशभर में पहचान दिलाने, टांडा की बुनकरी को नई पहचान देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। इससे महिलाओं को घर पर ही रोजगार मिल सकेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।