IAS ईशा प्रिया बनीं अंबेडकरनगर की डीएम, चार्ज संभालते ही अधिकारियों को दिया ये आदेश
अंबेडकरनगर में IAS Isha Priya ने नए जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार संभाला। उन्होंने पारदर्शी, जवाबदेह प्रशासन और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण को अपनी प्राथमिकता बताया।

HighLights
ईशा प्रिया ने अंबेडकरनगर जिलाधिकारी का पदभार संभाला।
पारदर्शी, जवाबदेह प्रशासन और जनकेंद्रित सेवाएं उनकी प्राथमिकता।
कानून-व्यवस्था, जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण पर दिया जोर।
संवाद सूत्र, अंबेडकरनगर। IAS Isha Priya ने कलेक्ट्रेट के कोषागार में पहुंचकर पदभार ग्रहण किया है। नवागत जिलाधिकारी के कलेक्ट्रेट आगमन पर गार्ड आफ आनर दिया गया।
मुख्य विकास अधिकारी आनंद शुक्ल व अपर जिलाधिकारी ज्योत्सना बंधु, रंजीत सिंह आदि अधिकारियों ने पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात उन्होंने अपने कार्यालय कक्ष में अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया तथा अन्य आवश्यक जानकारी ली।
नवागत जिलाधिकारी ने कहा कि शासन के निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन, पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनकेंद्रित प्रशासन सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, जनसामान्य की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, राजस्व कार्यों में तेजी लाने तथा केंद्र-राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।
35वीं जिलाधिकारी बनीं
वर्ष 2016 बैच की IAS Isha Priya यहां 35वीं जिलाधिकारी बनी हैं। ये वर्ष 2024 से अभी तक उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग में विशेष सचिव रहीं। मूलरूप से झारखंड (रांची) की रहने वाली हैं। उन्होंने पहले ही प्रयास में यूपीएससी परीक्षा पास की थी।
मैनपुरी व रायबरेली में मुख्य विकास अधिकारी और बुलंदशहर में संयुक्त मजिस्ट्रेट सहित विभिन्न प्रमुख पदों पर तैनात रही हैं। इनका प्रारंभिक कैडर केरल रहा। इन्होंने कोचीन विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री प्राप्त की है।