मिठास रिश्तों की: अंबेडकरनगर DM ईशा प्रिया की अनूठी पहल, पूर्व अधिकारियों को भिजवाए उनके रोपे पौधों के आम
अंबेडकरनगर की डीएम ईशा प्रिया ने पूर्व अधिकारियों द्वारा लगाए गए आम के पेड़ों के फल उन्हें भेजकर एक अनूठी ...और पढ़ें
-1786459439704_m.webp)
HighLights
डीएम ईशा प्रिया ने पूर्व अधिकारियों को उनके लगाए आम भेजे।
यह पहल रिश्तों में मिठास घोलने वाली मानी जा रही।
इंटरनेट मीडिया पर इस कार्य की खूब तारीफ हो रही।
जागरण संवाददाता, अंबेडकरनगर। फलों का राजा आम जिस तरह मीठे रस से भरा होता है, उसी तरह इसे ताेहफे में भेजने व पाने वालों के संबंधों में भी मिठास घुल जाती है। ऐसे ही एक मीठे रस्म की शुरुआत कर डीएम ईशा प्रिया खासा चर्चा में आ गईं। उनके द्वारा भेजे गए आम और पत्र देर से ही सही, अब इंटरनेट मीडिया में प्रसारित होने पर हर कोई तारीफ कर रहा है। इसे अच्छे संस्कारों की देन और नई परंपरा की शुरुआत बता रहा है।
जिलाधिकारी के आवास परिसर में आम का बगीचा है। जो भी डीएम रहे, उन्होंने यहां आम व अन्य फलदार पौधे रोपे थे। अब ये पौधे फल देने लगे। इस बार फल लगे तो डीएम ईशा प्रिया ने उन्हें तुड़वाकर उन अधिकारियों को भी भेजे, जिनके हाथों बगीचे में पौधे लगाए गए थे। इनमें से वर्तमान में कोई प्रमुख सचिव है तो कोई मंडलायुक्त अथवा अन्य पदों पर आसीन।
फलदार आम के कई पौधे लगाए
डीएम ने 10 जुलाई को प्रमुख डा. हरिओम, आजमगढ़ मंडलायुक्त विवेक, बस्ती मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव आदि को आम के साथ एक पत्र भी भेजा। इसमें लिखा कि, आदरणीय महोदय, अंबेडकरनगर के जिलाधिकारी आवास परिसर में आपके कार्यकाल में फलदार आम के कई पौधे लगाए गए थे। उक्त पेड़ों के आम आपको साभार प्रेषित हैं।
डीएम की ओर से मिले तोहफे की प्रशंसा डा. हरिओम ने फेसबुक पर यूं की-तोहफा अगर आमों का हो तो मेरी खुशी का अंदाजा लगाना मुश्किल है। और वो भी ऐसे आम...डीएम एबीएन का शुक्रिया। इस पोस्ट को पढ़ने वाले डा. हरिओम के मित्र राजीव ओझा, पृथ्वीराज चौहान, दिवाकर राय, दिव्यांश प्रियदर्शिनी आदि में से किसी ने मेहनत का फल बताया है तो किसी ने कीमती उपहार।
अशफाक अहमद उमर ने लिखा-नामा न कोई यार का पैगाम भेजिए, इस फस्ल में जो भेजिए बस आम भेजिए। डा. हरिओम यहां दो जुलाई 2009 से नौ फरवरी 2010 तक तैनात रहे। इसी दौरान उन्होंने पौधे लगाए थे। डीएम ईशा प्रिया कहती हैं कि आम अभी नहीं भेजे गए थे। करीब एक माह पहले की बात है।
