Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ‘पीडीए मतलब प्रोडक्शन हाउस ऑफ दंगाई एंड अपराधी… मुख्तार-अतीक का राम नाम सत्य, सीएम योगी ने सपा पर बोला हमला

    Updated: Mon, 11 Nov 2024 02:10 AM (IST)

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंबेडकरनगर में इंडी गठबंधन पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन महापुरुषों का सम्मान नहीं करता है और उनकी जयंती नहीं मनाता है। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी हमला बोला कहा कि यह पार्टी दंगाई और अपराधियों का समर्थन करती है। मुख्यमंत्री ने डबल इंजन की सरकार की उपलब्धियों को भी गिनाया।

    Hero Image
    कटेहरी के रामदेव जनता इंटर कॉलेज में चुनावी जनसभा को संबोधित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। जागरण

    जागरण संवाददाता, अंबेडकरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कटेहरी विधानसभा उपचुनाव में जनसभा को संबोधित करते हुए इंडी गठबंधन पर हमला बोला। रामदेव जनता इंटर कॉलेज पहुंचे मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि इंडी गठबंधन कांग्रेस-सपा वाले महापुरुषों का सम्मान नहीं करते हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मुख्यमंत्री ने कहा कि 31 अक्टूबर को जब पूरा देश राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती मना रहा था। उस दिन समाजवादी पार्टी के मुखिया भारत के विभाजन के जिम्मेदार जिन्ना की जयंती मना रहे थे, इनको जिन्ना प्यारा है। 

    मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के पहले कांग्रेस नेतृत्व की सरकार हुआ करती थी। समाजवादी पार्टी समर्थन देती थी तब पाकिस्तान घुसपैठ करता था, आतंकी वारदात करता था। हम लोग आवाज उठाते थे। सांसद के रूप में मैं आवाज उठाता था कि देश के दुश्मन सीमा के अंदर घुस रहे हैं इनका मुंहतोड़ जवाब दो तो ये इंडी गठबंधन के लाेग कहते थे संबंध खराब हो जाएंगे। वहीं आज अगर दुश्मन भारत की सीमा में घुसता है तो जैसे को तैसा, मारकर उसकी धज्जियां उड़ा दी जाती है।

    पीडीए मतलब प्रोडक्शन हाउस ऑफ दंगाई एंड अपराधी

    मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि ये समाजवादी पार्टी पीडीए की बात तो करती है, लेकिन इनका पीडीए क्या है? प्रोडक्शन हाउस ऑफ दंगाई एंड अपराधी हैं ये। याद करिए प्रदेश का जितना बड़ा माफिया होगा, दंगाई होगा वह समाजवादी पार्टी के प्रोडक्शन हाउस का ही हिस्सा होगा। 

    उन्होंने कहा कि यही क्षेत्र है खान मुबारक भी इन्हीं का शागिर्द था। मुख्तार अंसारी, अतीक अहमद भी इन्हीं के शागिर्द थे। डबल इंजन की सरकार आई और सरकार ने अपना वास्तविक रूप दिखाया तो राम नाम सत्य होने में भी देर नहीं लगी। 

    भाजपा है तो परिवारवाद नहीं, जातिवाद नहीं है, महापुरुषों का सम्मान है। प्रधानमंत्री मोदी जी ने बाबा साहब आंबेडकर पंच तीर्थ बनाया। दुनिया की सबसे बड़ी मूर्ति सरदार वल्लभ भाई पटेल की बनवाई। बाबा साहब आंबेडकर, लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल को भारत रत्न तब मिला भाजपा सरकार आई। 

    महाराज सुहेलदेव को एक हजार वर्षों बाद सम्मान

    मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराज सुहेलदेव को एक हजार वर्षों बाद सम्मान तब मिल रहा है, जब डबल इंजन की सरकार है। उन्होंने 10 वीं शताब्दी में भारत के गौरव को दुनिया के सामने शौर्य और पराक्रम से रखा था। उन्होंने सालार मसूद गाजी को मारा था। 

    हम लोगों ने उनका स्मारक बहराइच में बनवाया है। सपा उनकाे सम्मान नहीं देगी, क्योंकि उसे डर है कि कहीं उसका मुस्लिम वोट बैंक न खिसक जाए। अब हम अपने महापुरुषों का सम्मान करना भूल जाएं। ये लोग यही चाहते हैं।

    comedy show banner
    comedy show banner