विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीपावली और छठ पर घर वापसी: परदेसियों के लिए रोडवेज ने बढ़ाए बसों के फेरे, कर्मचारियों की छुट्टियां रद

Published: Sat, 31 Oct 2026 10:17 AM (IST)

दीपावली और छठ त्योहार पर घर लौटने वाले यात्रियों के लिए रोडवेज ने विशेष तैयारी की है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. दीपावली-छठ पर रोडवेज बसों के अतिरिक्त फेरे शुरू।

  2. चालक-परिचालकों की छुट्टियां रद्द, मिलेगा प्रोत्साहन।

  3. अंबेडकरनगर से कई मार्गों पर बढ़ाई गई बसें।

जागरण संवाददाता, अंबेडकरनगर। त्योहारों के दौरान ट्रेनों में टिकटों की कमी और लंबी प्रतीक्षा सूची के बीच परिवहन निगम ने परदेसियों की घर वापसी के लिए विशेष तैयारी की है। यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे और चालकों-परिचालकों की छुट्टियां निरस्त रहेंगी।

आठ नवंबर को दीपावली और 12 नवंबर से छठ पूजा शुरू होगी। त्योहार मनाने के लिए महानगरों से लोग गांवों की ओर लौटने लगे हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली, झांसी, चित्रकूट, कानपुर, लखनऊ, गोरखपुर, आजमगढ़-मऊ, प्रयागराज और अयोध्या मार्गों पर बसों के अतिरिक्त फेरे एक नवंबर से शुरू होंगे। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर पांच नवंबर से अतिरिक्त फेरे और बढ़ाए जाएंगे।

क्षेत्रीय प्रबंधक ने चालकों-परिचालकों को निर्देश दिए हैं कि बसों को बेवजह खड़ा रखने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बसों की स्थिति और उनके मार्गों की निगरानी क्षेत्रीय सहायक प्रबंधक कार्यालय से जीपीएस के जरिए होगी। अकबरपुर डिपो से 92 बसों का संचालन होता है। सामान्य दिनों में 40 से 45 प्रतिशत यात्री रोडवेज बसों से सफर करते हैं, जबकि त्योहारों में यह संख्या 50 से 65 प्रतिशत तक पहुंच जाती है।

मिलेगी प्रोत्साहन राशि

पांच नवंबर से 16 नवंबर तक निगम के चालकों-परिचालकों और वर्कशाप मैकेनिकों की छुट्टी निरस्त कर दी गई है। इनको प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। 11 दिन तक नियमित रूप से 3,300 किलोमीटर बस चलाने पर 4,400 रुपये और 10 दिन में 3,000 किलोमीटर संचालन पर 3,500 रुपये मिलेंगे। डिपो के मैकेनिकों को लगातार 11 दिन ड्यूटी करने पर 1,800 रुपये और 10 दिन ड्यूटी पर 1,500 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

पर्व पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए लंबे मार्गों पर बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे और अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। पांच नवंबर से अतिरिक्त फेरे बढ़ेंगे।

-लक्ष्मी सिंह, बस डिपो इंचार्ज, अकबरपुर

यह भी पढ़ें- PET परीक्षा: यूपी रोडवेज ने बढ़ाए मुरादाबाद और अलीगढ़ रूट पर बसों के फेरे

यह भी पढ़ें- त्योहार पर घर पहुंचना आसान: दीपावली-छठ पर 12 दिन तक एक्सट्रा रोडवेज की सर्विस, दिल्ली-पूर्वांचल के लिए बढ़ेंगी बसें

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।