जालसाजों ने जेई के बैंक खाते से डेढ़ लाख उड़ाया, बैंक की पेटिका में जमा किया था चेक
अंबेडकरनगर में जालसाजों ने एक अवर अभियंता के बैंक खाते से डेढ़ लाख रुपये की धोखाधड़ी की। बैंक ऑफ इंडिया की पेटी से जमा चेक का इस्तेमाल कर जालसाजों ने स्टेट बैंक खाते से रकम निकाली और उसे पंजाब के खाते में स्थानांतरित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और एक टीम को पंजाब भेजा गया है।

संवाद सूत्र, अंबेडकरनगर। बैंक ऑफ इंडिया की पेटी से जमा किए गए चेक को जालसाजों ने हासिल कर अवर अभियंता के स्टेट बैंक के खाते से डेढ़ लाख रुपये दूसरे के बैंक अकाउंट में स्थानांतरित कर निकाल लिया गया। जांच में स्थानांतरित धनराशि का अकाउंट पंजाब प्रांत का पाया गया है। पुलिस जांच के साथ जालसाजों की तलाश कर रही है।
अकबरपुर के तमसा मार्ग के घनश्याम मौर्य अवर अभियंता के पद वर्तमान में उन्नाव जिले में कार्यरत हैं। इनका स्टेट बैंक और बैंक ऑफ इंडिया अकबरपुर में खाता है। गत 30 अगस्त को स्टेट बैंक का 75 हजार रुपये का चेक अंतरण के लिए बैंक आफ इंडिया शाख की पेटिका में जमा किया था। गत एक सितंबर को रात्रि जेई के स्टेट बैंक के खाते से नेफ्ट के माध्यम से एक लाख 49 हजार 985 रुपये निकलने का मैसेज अवर अभियंता को मोबाइल पर प्राप्त हुआ, इससे वह परेशान हो गए।
अवर अभियंता ने बैंक शाखा के अधिकारियों से फोन पर संपर्क किया। जांच में मामला संदिग्ध पाए जाने पर अवर अभियंता बैंक पहुंचकर जांच कराई। जांच में बैंक खाते से धनराशि नेफ्ट के माध्यम से भेजने की पुष्टि हुई। अवर अभियंता ने पुलिस अधीक्षक को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि इसमें दोनों बैंकों के कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध है। अकबरपुर पुलिस ने एसपी के निर्देश पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीसी कैमरे की फुटेज में दिख रहे तीन जालसाज
अवर अभियंता ने बताया कि पुलिस ने बैंक आफ इंडिया का सीसी कैमरे की फुटेज खंगाला तो चेक पेटिका खोलते समय तीन लोग बैंक में घुसते दिखे, जो बैंक कर्मचारी से चेक लेने के बाद थोड़ी देर बाद बाहर निकलते दिख रहे हैं।
पंजाब प्रांत के बैंक अकाउंट में भेजी गई धनराशि
बैंक ऑफ इंडिया से जालसाजों द्वारा प्राप्त किए गए चेक पर के माध्यम से ही स्टेट बैंक के खाते से धनराशि नेफ्ट के जरिए दूसरे खाते में भेजी गई है। चेक पर ओवर राइटिंग भी की गई है। जांच में पंजाब प्रांत के किसी व्यक्ति के खाते धनराशि भेजने की पुष्टि हुई।
पीड़ित ने बताया कि उक्त बैंक खाते से भेजी गई धनराशि निकाल लिया गया है। यह बैंक की जांच में पाया गया है। निरीक्षक श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस टीम को पंजाब प्रांत भेजा गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।